गुना में पंचायत सचिव के घर डकैती का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

गुना के फतेहगढ़ में पंचायत सचिव के घर हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा किया. दो आरोपी गिरफ्तार, 985.15 ग्राम सोना बरामद, कीमत करीब 1.48 करोड़ रुपए.

गुना में पंचायत सचिव के घर डकैती का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

गुना: मध्यप्रदेश के गुना जिले के फतेहगढ़ इलाके में पंचायत सचिव के घर हुई डकैती के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से 985.15 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 1 करोड़ 47 लाख 77 हजार 250 रुपए बताई गई है. वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है.

रात में घर में घुसे बदमाश, परिवार को कमरों में किया बंद

मामला फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के चिरौली गांव का है. यहां रहने वाले पवन मीना पंचायत सचिव हैं. 3 अगस्त की रात उनके घर में डकैती हुई. घटना के समय घर में उनकी मां, पिता और छोटा भाई मौजूद थे.परिवार के लोग रोज की तरह रात में अपने-अपने कमरों में सो गए थे. पवन मीना के पिता बाबूलाल मीना रात करीब 2:30 बजे उठे थे. उस समय तक घर में सब सामान्य था. इसके बाद वे दोबारा सो गए.

पुलिस के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे से सुबह 4 बजे के बीच बदमाश घर में घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया. परिवार के लोगों को कमरों में बंद कर दिया गया था. सुबह करीब 4:30 बजे जब परिवार जागा तो कमरों की कुंडी बाहर से लगी मिली. किसी तरह दरवाजा खुलवाने के बाद घर में सामान बिखरा हुआ मिला और कई कीमती सामान गायब थे.

एक किलो सोना, चांदी और नकदी ले गए थे बदमाश

परिवार ने पुलिस को बताया कि बदमाश घर से करीब एक किलो सोने के जेवरात, छह किलो चांदी, 10 लाख रुपए नकद और एक बाइक लेकर फरार हुए थे.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए गुना SP हितिका वासल ने कई पुलिस टीमों का गठन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए.

फिंगर प्रिंट और डॉग स्क्वाड से जुटाए सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए फिंगर प्रिंट टीम और डॉग स्क्वाड की मदद ली. इसके अलावा पुलिस ने पूछताछ, मुखबिर तंत्र और तकनीकी जांच के जरिए भी आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश शुरू की.जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को वारदात में पारदी गिरोह के शामिल होने के सुराग मिले. इसके बाद संभावित ठिकानों पर दबिश देने का सिलसिला शुरू किया गया.

पुलिस टीमों ने गुना के अलावा शिवपुरी, विदिशा, उज्जैन, रतलाम, राजगढ़, भोपाल, इंदौर, शाजापुर, देवास और श्योपुर में भी तलाश की. इसके साथ ही राजस्थान के बारां, कोटा, झालावाड़, छबड़ा और करौली समेत कई इलाकों में भी दबिश दी गई.

प्रशासन ने आरोपियों के अवैध अतिक्रमण पर चलाया बुलडोजर

पुलिस की ओर से आरोपियों की तलाश जारी रहने के दौरान प्रशासन की टीम ने कनेरा गांव में उनके अवैध अतिक्रमण को चिन्हित किया. इसके बाद गुरुवार को प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और चिन्हित किए गए अवैध निर्माण पर बुलडोजर की कार्रवाई की.

दो आरोपी गिरफ्तार, साथियों के नाम भी सामने आए

पुलिस ने शनिवार को ग्राम कनेरा, थाना धरनावदा निवासी राजू पिता कवरया पारदी (35) और गजानंद पिता देवला पारदी (48) को गिरफ्तार किया.पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है. पुलिस अब उन फरार आरोपियों की तलाश कर रही है, जिनके नाम पूछताछ के दौरान सामने आए हैं.

करीब 1.48 करोड़ का सोना बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 985.15 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए हैं. बरामद सोने की कीमत करीब 1 करोड़ 47 लाख 77 हजार 250 रुपए आंकी गई है.हालांकि, डकैती में चांदी, नकदी और बाइक समेत अन्य सामान भी ले जाने की बात सामने आई थी. पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और बाकी सामान की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दे रही है.