छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 आज से शुरू : पलक मुच्छाल और अभिजीत भट्टाचार्य करेंगे परफॉर्म, जानिए क्या-क्या होगा खास
Chhattisgarh Rajyotsav 2026 : छत्तीसगढ़ का 26वां स्थापना दिवस आज से नवा रायपुर में मनाया जाएगा। तीन दिवसीय राज्योत्सव में बॉलीवुड कलाकार, सूर्यकिरण एयर शो, 41 पुरस्कार और 26 विभागों की प्रदर्शनियां खास रहेंगी।
Chhattisgarh Rajyotsav 2026 : रायपुर। छत्तीसगढ़ रविवार को अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस मौके पर नवा रायपुर में तीन दिवसीय राज्योत्सव शुरू होगा। इस बार आयोजन की थीम 'सशक्त नारी-युवा उड़ान' रखी गई है। समारोह में बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विकास से जुड़ी प्रदर्शनियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कार्यक्रम में 41 राज्य स्तरीय अलंकरण और पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
तीन दिनों में तीन बड़े कलाकारों की प्रस्तुति
राज्योत्सव में हर दिन बॉलीवुड और संगीत जगत के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। 1 नवंबर को पलक मुच्छाल, 2 नवंबर को स्वस्ति मेहुल और 3 नवंबर को अभिजीत भट्टाचार्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया मौजूद रहेंगे। दूसरे दिन राज्यपाल रमेन डेका शामिल होंगे। वहीं, समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना है।
क्या खास रहेगा?
- वायुसेना की सूर्यकिरण टीम करेगी एयर शो, 9 विमान एक साथ दिखाएंगे हवाई करतब ।
- 40 राज्य स्तरीय अलंकरण-पुरस्कार दिए जाएंगे।
- हर दिन स्थानीय कलाकारों के करीब 10 परफॉर्मेस होंगे।
- कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियां होंगी सम्मानित।
- 'सशक्त नारी-युवा उड़ान' होगी थीम, महिलाओं और युवाओं से जुड़ी योजनाओं और विकास की संभावनाओं का प्रदर्शन।
सूर्यकिरण टीम दिखाएगी हवाई करतब
इस बार राज्योत्सव में भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम विशेष आकर्षण होगी। टीम के नौ विमान आसमान में शानदार हवाई करतब दिखाएंगे। इसके अलावा हर दिन स्थानीय कलाकारों के करीब 10 कार्यक्रम होंगे। अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
छह रास्तों से प्रवेश, 40 हजार वाहनों की पार्किंग
आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए प्रशासन ने छह रास्तों से आने की व्यवस्था की है। करीब 40 हजार वाहनों की पार्किंग बनाई गई है। दर्शकों को दो प्रवेश द्वारों से आयोजन स्थल में प्रवेश दिया जाएगा।
स्वास्थ्य और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था
लोगों की सुविधा के लिए 300 शौचालय बनाए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए 20 बेड का अस्पताल, आईसीयू और 25 एंबुलेंस तैनात रहेंगी। सुरक्षा के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौजूद रहेंगी। इसके अलावा विशाल डोम, पेयजल, बिजली और सफाई की व्यवस्था की गई है। करीब 60 एलईडी स्क्रीन पर कार्यक्रमों का प्रसारण होगा।
26 विभागों की प्रदर्शनियों में दिखेगी विकास की तस्वीर
राज्योत्सव में 26 सरकारी विभाग अपने स्टॉल लगाएंगे। इनमें कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, उद्योग, वन, परिवहन और आदिवासी विकास विभाग शामिल हैं। इन प्रदर्शनियों में सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी दी जाएगी। देश के अलग-अलग राज्यों से आए कारीगर भी अपनी कला और उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।

