अवैध पटाखों के भंडारण पर पुलिस का बड़ा एक्शन : 6 थाना क्षेत्रों से 10 लाख रुपए से ज्यादा के पटाखे जब्त
Indore Illegal Firework Storage : इंदौर में पुलिस ने छह थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर 10 लाख रुपये से अधिक कीमत के अवैध पटाखे जब्त किए। बिना लाइसेंस भंडारण और बिक्री के मामलों में विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज किए।
Indore Illegal Firework Storage : मध्य प्रदेश। इंदौर में अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के छह थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 10 लाख रुपए से अधिक कीमत के पटाखे जब्त किए हैं। जांच में सामने आया कि घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों में बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण और बिक्री की जा रही थी। पुलिस ने सभी मामलों में विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं।

दरअसल, इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अवैध विस्फोटक सामग्री और पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत विजयनगर, लसुड़िया, परदेशीपुरा, खजराना, हीरानगर और एरोड्रम थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने कार्रवाई की।
जांच के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री और रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से उनके भंडारण की जानकारी सामने आई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 लाख रुपए से अधिक कीमत के पटाखे जब्त किए और संबंधित आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए हैं।

इसके साथ ही पुलिस कार्बाइड गन, कार्बाइड लैंप और कार्बाइड से बने पटाखों के इस्तेमाल पर भी निगरानी रख रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध विस्फोटक सामग्री के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।




