इंदौर में अवैध कट्टे और कारतूस के साथ बदमाश गिरफ्तार: आरोपी पर हत्या के प्रयास और मारपीट के मामले दर्ज
दीपावली से पहले कनाड़िया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध कट्टे और कारतूस के साथ बदमाश गिरफ्तार, बिचौली हप्सी रोड पर चेकिंग में हथियार के साथ पकड़ा गया दीपू
इंदौर में दीपावली के मद्देनजर पुलिस की संदिग्धों पर नजर है। इसी दौरान कनाड़िया पुलिस ने बिचौली हप्सी रोड पर चेकिंग के दौरान 21 वर्षीय बदमाश दीपू उर्फ दीपराज को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 12 बोर का अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। आरोपी पूर्व में हत्या के प्रयास और मारपीट सहित आपराधिक मामलों में भी शामिल रहा है।
12 बोर का अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद
दरअसल, इंदौर की कनाड़िया पुलिस हॉटस्पॉट और संवेदनशील इलाकों में संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिचौली हप्सी रोड पर पीले रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक संदिग्ध गतिविधियों में नजर आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उसके पास से 12 बोर का अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला।
आरोपी की पहचान दीप उर्फ दीपराज, निवासी भूरी टेकरी, इंदौर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से मारपीट और हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज हैं। अवैध हथियार बरामद होने के बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट का प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह अवैध हथियार कहां से लाया था और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है।



