विशाखापट्टन: विजाग स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, पिघला लोहा गिरने से 8 मजदूरों की मौत

विशाखापट्टनम के विजाग स्टील प्लांट में बड़ा हादसा हो गया। क्रेन से ले जा रहे 1600 डिग्री सेल्सियस में गर्म पिघले हुए लोहे (मोल्टन आयरन) के फैलने से 8 कर्मचारियों की मौत की खबर।

विशाखापट्टन: विजाग स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, पिघला लोहा गिरने से 8 मजदूरों की मौत

विशाखापट्टनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित विजाग स्टील प्लांट में सोमवार को बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट में पिघले हुए लोहे (मोल्टन आयरन) के फैलने से 8 कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (RINL) के विजाग स्टील प्लांट में क्रेन की मदद से एक बड़े बकेट (लैडल) में लगभग 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला हुआ लोहा एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक बकेट से अत्यधिक गर्म लोहा बाहर फैल गया और वहां काम कर रहे कर्मचारियों पर जा गिरा।

हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचा और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से झुलसे कई कर्मचारियों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्रबंधन और सुरक्षा अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में चूक की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है, जबकि घायलों के बेहतर इलाज के लिए विशेष चिकित्सा व्यवस्था की गई है।