मऊगंज में पुलिस स्मृति दिवस : कर्तव्य-बलिदानियों को राजकीय सम्मान, गडरा कांड के शहीद ASI के परिजन सम्मानित
विधायक, कलेक्टर और एसपी ने शहीद स्मारक पर किया पुष्पचक्र अर्पित, शोक शस्त्र और लास्ट पोस्ट से दी गई अंतिम सलामी
पुलिस स्मृति दिवस 2026 के अवसर पर बुधवार को मऊगंज जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर परेड ग्राउंड के समीप शहीद स्मारक स्थल पर विधिवत राजकीय सम्मान के साथ शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार आयोजित कार्यक्रम में विधायक प्रदीप पटेल, कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे एवं पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर बलिदानियों को नमन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह के अगुआई सलामी दिए जाने के साथ हुआ। तदुपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा देशभर में कर्तव्य पालन के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए 154 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों का विधिवत वाचन किया गया। पुलिस टुकड़ी द्वारा शोक शस्त्र की कार्यवाही संपन्न कर बिगुल पर 'लास्ट पोस्ट' की धुन बजाई गई, जो शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है।

शासन के निर्देशानुसार शहीद परिवारों के सम्मान की कड़ी में गडरा कांड में कर्तव्य के दौरान शहीद हुए सहायक उप निरीक्षक रामचरण गौतम के परिजनों को सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि 15 मार्च 2025 को थाना शाहपुर अंतर्गत ग्राम गडरा में एक व्यक्ति को अवैध रूप से बंधक बनाए जाने की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा था।
विधि व्यवस्था नियंत्रण के दौरान उत्तेजित भीड़ द्वारा पुलिस दल पर प्राणघातक हमला किया गया, जिसमें ASI रामचरण गौतम वीरगति को प्राप्त हुए। इस प्रकरण में विधिवत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही प्रचलन में है।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, एसडीओपी सचि पाठक सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
एसपी ने बताया कि पुलिस स्मृति दिवस प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी आक्रमण में शहीद 10 पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है। विगत वर्ष में शहीद हुए 154 जवानों में मऊगंज जिले के ASI रामचरण गौतम व आरक्षक अजय यादव का नाम भी शामिल है।






