Maihar News : पुलिस स्मृति दिवस पर मैहर में शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

Maihar News : विधायक, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शहीदों को किया नमन

Maihar News : पुलिस स्मृति दिवस पर मैहर में शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

मैहर। राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन मैहर में शहीद पुलिस जवानों की स्मृति में गरिमामय श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन परिसर स्थित अमर जवान स्मारक पर देश की रक्षा एवं आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया गया। कार्यक्रम में मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी एवं पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने अमर जवान स्मारक पर पुष्पहार अर्पित कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। 

इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर, नगर पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह चौहान, मैहर थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार, आर आई दिलीप तिवारी, यातायात निरीक्षक  कृष्णा मिश्रा, यातायात उप निरीक्षक विक्रम पाठक, निरीक्षक रेनू मिश्रा, सूबेदार राशिद परवेज खान सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं शहीद परिवारों के सदस्यों ने स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया। 

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान भी किया गया। इसी क्रम में अमर शहीद शंकर प्रसाद पटेल की पत्नी का शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से शहीदों के सर्वोच्च बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति सम्मान एवं संवेदना प्रकट की गई। 

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक सिंह ने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका साहस, समर्पण एवं राष्ट्र के प्रति निष्ठा सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। पुलिस स्मृति दिवस हमें देश की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।