Mauganj News : बहुती में यात्री शेड में युवक का शव मिलने से हड़कंप, नईगढ़ी पुलिस कर रही शिनाख्त
Mauganj News : पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पीएम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी भेज दिया।
मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बहुती गांव में ओड्डा नदी पुल के समीप कटरा-मऊगंज मार्ग किनारे स्थित यात्री प्रतीक्षालय में 21 अक्टूबर की सुबह 25 से 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक सुबह ग्रामीण नदी की ओर गए थे, तभी यात्री शेड की सीट पर युवक अचेत पड़ा दिखा। पास जाकर देखने पर उसके मृत होने का आभास हुआ, जिसके बाद ग्रामीणों ने नईगढ़ी पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल काकड़े पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने विधिवत पंचनामा कार्रवाई कर शव को पीएम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की फोटो सभी थाना क्षेत्रों में प्रसारित कर सोशल मीडिया के माध्यम से शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार युवक पिछले तीन दिनों से बहुती व मऊगंज क्षेत्र में घूमता देखा गया था और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी।
बीती रात अधिक ठंड पड़ने से मौत की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

