अमेरिका से कनाडा हथियार तस्करी की बड़ी साजिश नाकाम, पाकिस्तानी समेत 3 गिरफ्तार

न्यूयॉर्क में पुलिस ने अमेरिका से कनाडा हथियार तस्करी की बड़ी साजिश का खुलासा करते हुए पाकिस्तानी नागरिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 89 हथियार बरामद हुए, जिनमें कई चोरी की बंदूकें भी शामिल हैं।

अमेरिका से कनाडा हथियार तस्करी की बड़ी साजिश नाकाम, पाकिस्तानी समेत 3 गिरफ्तार

अमेरिका की न्यूयॉर्क पुलिस ने हथियारों की तस्करी की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। इस मामले में एक पाकिस्तानी नागरिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कुल 89 हथियार बरामद किए गए, जिनमें कम से कम 17 चोरी की बंदूकें शामिल हैं। आरोपी इन हथियारों को अमेरिका से कनाडा तस्करी करने की कोशिश कर रहे थे।

घटना का विवरण..
यूएस अटॉर्नी ऑफिस फॉर सदर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ न्यूयॉर्क के मुताबिक, गुरुवार को न्यूयॉर्क स्टेट पुलिस ने स्टेट रूट-90 पर एक संदिग्ध वाहन को रोका। पूछताछ के दौरान वाहन में सवार लोगों के जवाब असंगत और संदिग्ध लगे। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई तो हैरान करने वाली बात सामने आई, कार के अंदर बड़े पैमाने पर हथियार भरे हुए थे। कुछ हथियार कार की पिछली सीट पर भी खुलेआम रखे हुए थे।

गिरफ्तार आरोपी..फैजान अली (25 वर्ष)- पाकिस्तान का नागरिक
मलिक ब्रॉमफील्ड (22 वर्ष)- कनाडा का नागरिक
कमाल सलमान (22 वर्ष) - कनाडा, अमेरिका और जॉर्डन की त्रि-नागरिकता रखने वाला व्यक्ति

जांच के दौरान फैजान अली के पास किसी अन्य व्यक्ति के नाम का एक्सपायर्ड पाकिस्तानी नेशनल ड्राइविंग परमिट भी बरामद हुआ।

लगाए गए आरोप..
तीनों आरोपियों पर निम्नलिखित गंभीर आरोप दर्ज किए गए हैं..

  1. अमेरिका से अवैध हथियार तस्करी
  2. बिना लाइसेंस हथियारों का कारोबार
  3. चोरी के हथियारों की ढुलाई
  4. अवैध हथियार रखना

मलिक ब्रॉमफील्ड पर विदेशी नागरिक होने के बावजूद अवैध हथियार रखने का अतिरिक्त आरोप भी लगाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यदि दोषी साबित होते हैं तो इन पर 5 से 15 साल तक की जेल की सजा हो सकती है। अंतिम सजा अदालत तय करेगी।

जांच एजेंसियों की भूमिका..
यह कार्रवाई न्यूयॉर्क स्टेट पुलिस, FBI और ATF की संयुक्त टीम ने की। यूएस अटॉर्नी जे. क्लेटन ने कहा, आरोपी 80 से ज्यादा हथियार कनाडा भेजने की कोशिश कर रहे थे। यह न सिर्फ अवैध तस्करी बल्कि दोनों देशों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा था। FBI अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अमेरिका-कनाडा सीमा के रास्ते हो रही हथियारों की तस्करी अंतरराष्ट्रीय अपराधी गिरोहों और आतंकवादी संगठनों के लिए हथियारों का स्रोत बन सकती है।