Firecracker Market Fire : गंजबासौदा के पटाखा बाजार में भीषण आग, तीन दुकानें जलकर खाक

Firecracker Market Fire : गंजबासौदा के श्रीरामलीला मेला परिसर स्थित पटाखा बाजार में आग लगने से तीन दुकानें जलकर खाक हो गईं। कई वाहन भी प्रभावित हुए। दमकल ने समय रहते आग पर काबू पाया। कलेक्टर ने नुकसान के आकलन के निर्देश दिए।

Firecracker Market Fire : गंजबासौदा के पटाखा बाजार में भीषण आग, तीन दुकानें जलकर खाक

Ganjbasoda Firecracker Market Fire : गंजबासौदा। मध्यप्रदेश के गंजबासौदा में गुरुवार देर शाम पटाखा बाजार में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। श्रीरामलीला मेला परिसर में लगी इस आग की चपेट में आकर तीन दुकानें पूरी तरह जल गईं। वहीं, दो से तीन वाहन भी आग से क्षतिग्रस्त हुए हैं। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। गनीमत रही कि दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। इससे पटाखा बाजार में बड़ा हादसा होने से बच गया।

आग लगते ही बाजार में मची भगदड़

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही बाजार में मौजूद दुकानदारों और ग्राहकों के बीच भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। बताया जा रहा है कि आग यदि आसपास की दूसरी दुकानों तक पहुंच जाती तो पूरा पटाखा बाजार इसकी चपेट में आ सकता था। आग में तीन दुकानदारों की दुकानें पूरी तरह जल गईं। इस दौरान कुछ अज्ञात लोगों द्वारा दुकानों से पटाखे उठाकर ले जाने की बात भी सामने आई है।

दमकल और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद करा दी गई। पटाखा बाजार के आसपास दमकल वाहनों को तैनात किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।

पटाखे चलाने के दौरान आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ दुकानदार दुकानों पर पटाखे चलाकर ग्राहकों को उनका प्रदर्शन दिखा रहे थे। इसी दौरान आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।

कलेक्टर ने नुकसान का आकलन कराने के दिए निर्देश

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अंशुल गुप्ता सिरोंज का कार्यक्रम छोड़कर गंजबासौदा पहुंचे। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर नुकसान की जानकारी ली। कलेक्टर ने एसडीएम को जली हुई दुकानों में हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित दुकानदारों को हरसंभव मदद और नुकसान की क्षतिपूर्ति दिलाने का प्रयास करने की बात कही।