26 जनवरी के बाद फिर बढ़ेगी सर्दी, बारिश और कोहरे के आसार

मध्य प्रदेश में 26 जनवरी के बाद मौसम बदलेगा। तापमान में गिरावट, कोहरा और हल्की बारिश की संभावना है। ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड में असर ज्यादा दिखेगा।

26 जनवरी के बाद फिर बढ़ेगी सर्दी, बारिश और कोहरे के आसार
GOOGLE

मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। भोपाल समेत पूरे प्रदेश में 26 जनवरी के बाद सर्दी बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसकी वजह से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी हो रही है। इसी सिस्टम के चलते अरब सागर से नमी वाली हवाएं आ रही हैं, जिससे उत्तर भारत में कई जगह बारिश हुई है। अब इसका असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिलेगा।

भोपाल में पिछले कुछ दिनों में रात का तापमान बढ़कर करीब 7 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन 26 जनवरी के बाद इसमें 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। यानी रातें फिर से ठंडी हो जाएंगी। मौसम जानकारों का कहना है कि जनवरी के आखिरी हफ्ते में मौसम पूरी तरह बदल जाएगा।

ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना जैसे जिलों में सुबह के समय हल्का से लेकर घना कोहरा छा सकता है। इससे सुबह के समय सड़कों पर देखने में मुश्किल हो सकती है. 

26 जनवरी से बारिश की शुरुआत भी हो सकती है। खासतौर पर ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि वसंत पंचमी के आसपास होने वाली यह बारिश रबी फसलों के लिए फायदेमंद रहेगी। हालांकि, ठंड और कोहरे की वजह से आम लोगों को थोड़ी परेशानी हो सकती है।