आगर मालवा में नारकोटिक्स का छापा,MD Drugs बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़
आगर मालवा के आमला क्षेत्र में नारकोटिक्स विभाग ने शनिवार सुबह बड़ी कार्रवाई की है.उज्जैन सहित अन्य जिलों से पहुंची नारकोटिक्स विभाग की संयुक्त टीम ने आमला स्थित तीर्थ फार्म हाउस पर दबिश दी।इस दौरान 10 करोड़ रुपए से अधिक की 31 किलो 250 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई है।
आगर मालवा: जिले के आमला क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया. जब केंद्रीय नारकोटिक्स विभाग ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और अत्यंत गोपनीय कार्रवाई को अंजाम दिया। उज्जैन सहित अन्य जिलों से पहुंची नारकोटिक्स विभाग की विशेष टीम ने आगर मालवा जिले के आमला क्षेत्र में स्थित तीर्थ नर्सरी पर अचानक छापामार कार्रवाई की।
आगर मालवा में बड़ी कार्रवाई
करीब पांच चार पहिया वाहनों में सवार होकर पहुंची टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया। कार्रवाई की संवेदनशीलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता था कि इस दौरान मीडिया और स्थानीय पुलिस को भी मौके से दूर रखा गया. जिससे स्पष्ट है कि मामला उच्च स्तर और बेहद गंभीर था।
करोड़ो के ड्रग्स,और रॉ मटेरियल जब्त
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यहां एमडी ड्रग बनाने की अवैध फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। छापे के दौरान टीम ने करीब 31 किलो एमडी ड्रग लगभग 600 किलो अन्य केमिकल रॉ मटेरियल और ड्रग निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए हैं। एमडी ड्रग्स की कीमत करीब 10 करोड़ बताई जा रही है. यह फैक्ट्री जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर आमला स्थित तीर्थ नर्सरी में संचालित हो रही थी।
बड़ा सवाल इतने लंबे समय से कैसे फल-फूल रहा अवैध कारोबार
फिलहाल सर्च और सीज की प्रक्रिया जारी है और वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा। इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स और कच्चा माल मिलने से यह आशंका मजबूत हो गई है कि यह आगर मालवा जिले में नशीले पदार्थों के नेटवर्क से जुड़ा अब तक का सबसे बड़ा खुलासा हो सकता है।स्थानीय लोगों में इस कार्रवाई को लेकर भारी चर्चा है और यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर इतने लंबे समय से यह अवैध कारोबार कैसे फल-फूल रहा था और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है। फिलहाल पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और सभी की निगाहें अधिकारियों के बयान पर टिकी हैं.क्योंकि आने वाले समय में इस सनसनीखेज कार्रवाई से जुड़े और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
नारकोटिक्स विभाग की ओर से जल्द होगी संदिग्धों की गिरफ्तारी
नारकोटिक्स विभाग का कहना है कि जांच के दौरान कुछ संदिग्ध लोगों की संलिप्तता के अहम साक्ष्य मिले हैं। ड्रग्स के नेटवर्क, सप्लाई चेन और इसके पीछे सक्रिय माफिया की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।नारकोटिक्स की इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। शाम करीब 5 बजे के आसपास सीएसपी मोतीलाल कुशवाह और कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय भी घटनास्थल पर पहुंचे। देर शाम तक कार्रवाई और जांच की प्रक्रिया जारी रही।
sanjay patidar 
