पेंटिंग और हस्ताक्षर अभियान से दिया नशा मुक्ति का संदेश, छात्रों ने ली शपथ

पेंटिंग और हस्ताक्षर अभियान से दिया नशा मुक्ति का संदेश, छात्रों ने ली शपथ न्यू मॉडल स्कूल में चला जागरूकता कार्यक्रम, कलेक्टर संजय कुमार जैन के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन

पेंटिंग और हस्ताक्षर अभियान से दिया नशा मुक्ति का संदेश, छात्रों ने ली शपथ

राजेंद्र पयासी मऊगंज: नशा मुक्त भारत अभियान के तहत न्यू मॉडल पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल मऊगंज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। रमाशिव बहुदेशीय विकास समिति द्वारा कलेक्टर संजय कुमार जैन के मार्गदर्शन में हुए इस कार्यक्रम में छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। नशा मुक्त भारत, विकसित भारत की पहचान” विषय पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छात्रों ने रंगों के माध्यम से नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान को प्रभावी ढंग से दर्शाया।

17 जून से 26 जून 2026 तक चल रहे नशा मुक्त भारत सप्ताह के अंतर्गत विद्यालय में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्टाफ ने नशामुक्त समाज बनाने की प्रतिबद्धता जताई। विद्यालय के प्राचार्य दिवाकर मिश्रा ने सभी को नशा न करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा है। शिक्षा और खेल के जरिए ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में शिक्षकों ने बताया कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। इससे आर्थिक और सामाजिक समस्याएं बढ़ती हैं। युवाओं से रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।