19 February 2026: चूहा कांड के बाद बिल्ली कांड के इंतजार में MY हॉस्पिटल, पढ़ें इंदौर की 10 खबरें
इंदौर में 12 से 15 मार्च 2026 तक सनातन प्रीमियर लीग का भव्य आयोजन होगा। RSS पर बनी फिल्म ‘शतक’ को इंदौर में टैक्स फ्री करने की मांग। मीठा खाने पर टोका तो ट्रैक पर लेटे बुजुर्ग।
चूहा कांड के बाद बिल्ली कांड के इंतजार में MY अस्पताल प्रबंधन
इंदौर के सबसे बड़े सरकारी एमवाय अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और स्वच्छता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। 6 महीने पहले हुए चूहा कांड में 2 नवजातों की मौत के बाद अब अस्पताल में बिल्ली कांड सामने आया है। बाह्य रोगी विभाग ओपीडी में एक बिल्ली ने बच्चों को जन्म दे दिया, जिससे अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही और अधिक उजागर हो गई है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि अस्पताल के अत्यंत संवेदनशील एचआईवी संक्रमित मरीजों के वार्ड और मेडिसिन कक्ष में भी बिल्लियों की आवाजाही जारी है, जिससे दवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
दरअसल, केंद्र सरकार द्वारा एचआईवी मरीजों को हर महीने हजारों रुपए की निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इंदौर के एम वाय अस्पताल की ओपीडी में बिल्ली की आवाजाही और गंदगी के कारण ये दवाएं खराब हो रही हैं। विशेष रूप से नवजात बच्चों को दी जाने वाली सेप्ट्रोन जैसी आवश्यक दवाओं पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि एआरटी के एकीकृत परामर्श केंद्र के कुछ कर्मचारी ही बिल्लियों की देखभाल करते पाए गए। अस्पताल में पहले भी बीवीजी हाउसकीपिंग कंपनी पर लापरवाही को लेकर 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जा चुका है। अब यह घटना अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर और सवाल खड़े कर रही है।
अस्पताल के सुप्रीटेंडेंट डॉ. अशोक यादव की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। वहीं, एमवाय अस्पताल और एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने इसे बड़ी लापरवाही माना है। उन्होंने स्वीकार किया कि ओपीडी में बिल्ली के तीन बच्चे मिले हैं, जिनमें से दो को रेस्क्यू कर लिया गया है और तीसरे को हटाने के लिए पिंजरा लगाया गया है। उन्होंने कहा कि मरीजों के बीच बिल्लियों की मौजूदगी बीमारियों को बढ़ावा दे सकती है, इसलिए पेस्ट एंड एनिमल कंट्रोल कंपनी बीवीजी के कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। अस्पताल में लगातार सामने आ रहे ऐसे घटनाक्रम मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न छोड़ रहे हैं।
12 से 15 मार्च 2026 तक सनातन प्रीमियर लीग का भव्य आयोजन
इंदौर में 12 से 15 मार्च 2026 तक सनातन प्रीमियर लीग का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसका नेतृत्व देश के प्रख्यात कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर करेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं तक सनातन के संस्कार पहुंचाना और उनमें सेवा-भाव का आह्वान करना है। देश के प्रख्यात कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर अब कथाओं के अलावा सनातन प्रीमियर लीग का भी आयोजन कर रहे हैं, जिसका आगाज इंदौर से होने जा रहा है। 12 से 15 मार्च तक होने वाले इस आयोजन में देश के प्रख्यात कथावाचक प्रदीप मिश्रा महाराज, इन्द्रेश उपाध्याय महाराज, चिन्मयानंद बापू, रामानंदाचार्य स्वामी राम दिनेशाचार्य, त्रिलोचन दर्शन दास और अनिरुद्धाचार्य महाराज भी शामिल होंगे और कथा के अलावा अब मैदान में बल्ला थामे नजर आएंगे।
इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए खुद कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर इंदौर पहुंचे थे। उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि संसार में सबसे बड़ी संपत्ति संस्कार हैं। लेकिन आज समाज लेने में आगे और देने में पीछे होता जा रहा है, जिसके कारण सनातन जगत धीरे-धीरे पिछड़ रहा है। उन्होंने इस लीग मैच के बारे में बताया कि देशभर से 125 बच्चों का चयन किया जाएगा और सभी प्रतिभागियों को निशुल्क व्यवस्था उपलब्ध होगी। इसे उन्होंने खेल और सेवा का महाकुंभ बताया। क्रिकेट के प्रति बचपन से रुचि जताते हुए ठाकुरजी ने कहा कि 1996 में उन्होंने पहला ब्लैक-एंड-व्हाइट टीवी खरीदा था। साथ ही उम्मीद जताई कि जैसे इंदौर में बड़े मैचों में भारी भीड़ उमड़ती है, वैसे ही इस नि:शुल्क लीग को भी शहरवासियों का पूरा समर्थन मिलेगा। ठाकुर ने कहा कि हिंदू राष्ट्र की इच्छा सबके मन में है, बस बोलने का साहस कम है।
जलूद सोलर पावर प्लांट की चार्जिंग के लिए 19-20 फरवरी को शटडाउन
350 करोड़ का ग्रीन बॉन्ड लॉन्च कर नर्मदा नदी के जलूद पर सोलर पावर प्लांट को शुरू करने के लिए 19 और 20 तारीख को बड़े स्तर पर शटडाउन लिया गया हैय़ जिसके चलते इंदौर के पश्चिम क्षेत्र में 30 से अधिक पानी की टंकियां नहीं भर पाएंगी। इस मुद्दे पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शहर में टैंकरों से पानी सप्लाई करने का आश्वासन दिया है। दरअसल, इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने स्पष्ट किया कि नगर निगम द्वारा जलूद में स्थापित किए गए प्लांट के लिए दो दिन का शट डाउन लिया गया है जिसके चलते शहर के पश्चिम क्षेत्र की 30 टंकियों तक पानी नहीं पहुंचेगा, जिसके लिए पहले दिन से ही इस प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जलूद का सोलर प्लांट पूरी तरह बनकर तैयार है, लेकिन उसे चालू करने से पहले चार्जिंग आवश्यक है।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि चार्जिंग के लिए उस पंपिंग स्टेशन को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ता है, जहां से इंदौर को पानी की आपूर्ति होती है। इस कारण शहर की जलापूर्ति दो दिनों के लिए रोकनी पड़ती है। इसी प्रक्रिया के तहत 19 और 20 तारीख को शटडाउन लिया गया है। चार्जिंग पूरी होते ही सोलर प्लांट को चालू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह परियोजना बॉन्ड से प्राप्त राशि से तय समय-सीमा में पूरी की गई है। आर्थिक वर्ष के लिहाज से भी कार्य समयबद्ध रहा है और अब केवल तकनीकी प्रक्रिया शेष है।
शटडाउन के दौरान जलूद क्षेत्र में जिन पानी की लाइनों का कनेक्शन शेष है, उन्हें जोड़ा जाएगा। साथ ही इंदौर के आईटी पार्क और राजीव गांधी चौराहे पर बड़ी लाइनों के कनेक्शन का काम भी किया जाएगा। महापौर भार्गव ने कहा कि इस शटडाउन से लगभग 30 टंकियां और पश्चिम क्षेत्र का बड़ा हिस्सा प्रभावित होगा। नागरिकों की सुविधा के लिए हर वार्ड में तीन से चार टैंकरों से पानी की आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दो दिनों तक नगर निगम का सहयोग करें, ताकि भविष्य में सस्ती और टिकाऊ ऊर्जा से जलापूर्ति को और मजबूत बनाया जा सके।
इंदौर में आरएसएस पर बनी फिल्म ‘शतक’ को टैक्स फ्री करने की मांग
इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर बनी फिल्म ‘शतक’ को लेकर राजनीति और समाज में चर्चा तेज हो गई है। इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने फिल्म को राष्ट्र निर्माण की गाथा बताते हुए इसे टैक्स फ्री करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म पिछले 100 वर्षों में संघ के योगदान को दर्शाती है और अधिक से अधिक लोगों को इसे देखना चाहिए।
इंदौर में आरएसएस पर आधारित फिल्म ‘शतक’ को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि भारत को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त बनाने के ये 100 वर्ष रहे हैं और राष्ट्र निर्माण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका को यह फिल्म प्रदर्शित करती है। महापौर ने कहा कि यदि इस फिल्म को टैक्स फ्री किया जाता है तो ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देख पाएंगे, जो एक अच्छी पहल होगी। उन्होंने यह भी बताया कि वे नगर निगम की पूरी एमआईसी के साथ मिलकर इस फिल्म को देखने जाएंगे।
जनता चौपाल में महिला ने महापौर को घेरा, गड्ढा मरम्मत पर उठाए सवाल
इंदौर में जनता चौपाल के दौरान एक महिला ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव से सीधे सवाल पूछकर माहौल गरमा दिया। वार्ड 84 के द्वारकापुरी उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में महिला ने सड़क के गड्ढे की मरम्मत को लेकर सवाल उठाए। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद महापौर ने भी प्रतिक्रिया दी है और जांच के निर्देश दिए हैं। दरअसल इंदौर के वार्ड 84 स्थित द्वारकापुरी उद्यान में आयोजित जनता चौपाल में उस वक्त सभी चौंक गए, जब एक महिला ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव को सीधे घेर लिया।
महिला ने कहा कि महापौर के कार्यक्रम से महज 10 मिनट पहले एक गड्ढे को भरा गया। उन्होंने सवाल किया कि यह काम पहले क्यों नहीं हुआ और क्या मरम्मत केवल जनप्रतिनिधियों के आने पर ही की जाती है, जिसमें महिला ने महापौर को नसीहत देते हुए कहा कि वे गाड़ी से नहीं, बल्कि जनता के बीच पैदल चलकर समस्याएं सुनें। साथ ही पार्षदों को निर्देश दें कि वे घर-घर जाकर लोगों की परेशानियां जानें। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
इसके बाद महापौर ने बयान जारी कर कहा कि महिला द्वारा उठाई गई बात को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी चर्चा सामने आई कि संबंधित महिला स्थानीय भाजपा विधायक की समर्थक है। इस पर महापौर ने स्पष्ट कहा कि समस्या उठाने वाला व्यक्ति किसी भी दल या नेता का समर्थक हो, मुद्दा महत्वपूर्ण है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
रीगल चौराहा की रानीसराय बावड़ी बंद, जनहित पार्टी ने मेट्रो प्रोजेक्ट के खिलाफ प्रदर्शन किया
इंदौर शहर की ऐतिहासिक धरोहर रीगल चौराहा स्थित रानीसराय की प्राचीन बावड़ी को मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा बंद किए जाने के बाद जनहित पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और ग्वालटोली थाने पर शिकायत करने पहुंचे। दरअसल, मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा अंडर ग्राउंड मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के लिए रीगल चौराहा स्थित ऐतिहासिक रानी सराय बिल्डिंग के आसपास की जमीन पर आधिपत्य ले लिया है। वहीं इस परिसर में पचास हजार से ज्यादा मिट्टूओं के आशियाने करीब 250 से ज्यादा पेड़ों को बचाने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर है जिसके चलते मौके पर कोई काम शुरू नहीं हो पाया है।
जबकि मेट्रो प्रोजेक्ट की पटरी पर आने वाली बावड़ी को मेट्रो का काम कर रही कंपनी एच सी सी ने पूरी तरह बंद कर दिया। यही नहीं बावड़ी का पानी खाली कर उसमें मिले दो कछुओं को यशवंत सागर में छोड़ा जा चुका है। जिसे लेकर जनहित पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पशु संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाली संस्थाओं के साथ एचसीसी कंपनी के प्रोजेक्ट इंचार्ज विक्रांत कुमार को हाईकोर्ट द्वारा प्राचीन जल स्त्रोतों के संरक्षण के आदेश की कॉपी सौंपी और विरोध दर्ज करवाया साथ ही छोटी ग्वालटोली थाने में शिकायती आवेदन भी दिया है।
नरसी मुंजी कॉलेज में वेलेंटाइन डे इवेंट पर हिंदू संगठन ने की तोड़फोड़, 5 नामजद गिरफ्तार
शहर के नरसी मुंजी कॉलेज में तोड़फोड़ और हंगामे के मामले में पुलिस ने हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। वेलेंटाइन डे के पहले कॉलेज में किये जा रहे इवेंट में जाकर हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ की थी। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने पांच नामजद कार्यकर्ताओं सहित अन्य अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। इंदौर के नरसी मुंजी कॉलेज में हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक इवेंट में जमकर तोड़फोड़ की थी। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि कॉलेज परिसर में आयोजित इवेंट वेलेंटाइन डे को लेकर आयोजित किया गया था।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कॉलेज में वैलेंटाइन डे मनाया जा रहा है।जिसका विरोध करते हुए वे कॉलेज परिसर में घुस गए थे और जमकर तोड़फोड़ की थी। हिन्दू संगठन पर आरोप है कि इस दौरान उन्होंने कॉलेज में तोड़फोड़ की और सुरक्षा गार्डों को धमकाया था। कॉलेज प्रशासन ने घटना की लिखित शिकायत पुलिस को दी, जिसके आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और मामले की जांच जारी है। वहीं, घटना के बाद कॉलेज परिसर में एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
मीठा खाने पर टोका तो ट्रैक पर लेटे बुजुर्ग,GRP जवान ने मौत के मुंह से बचाया
इंदौर रेलवे स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बुधवार को प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर एक 79 साल के बुजुर्ग सुसाइड के इरादे से अवंतिका एक्सप्रेस के सामने ट्रैक पर लेट गए। ये पूरी घटना परिवार की एक छोटी सी रोक-टोक और बुजुर्ग के मानसिक तनाव से जुड़ी है। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद जीआरपी आरक्षक चेतन नरवले ने अपनी जान की परवाह न करते हुए ट्रैक पर छलांग लगा दी और ट्रेन आने से ठीक पहले बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर खींच लिया। आइए जानते हैं क्या है ये पूरा मामला।
दरअसल, मूल रूप से सागर जिले के रहने वाले 79 वर्षीय शिखर चंद्र जैन इन दिनों इंदौर के बड़ा गणपति इलाके में अपने पोते रत्नेश के साथ रह रहे थे। घर में परिजनों ने स्वास्थ्य कारणों से उन्हें मीठा खाने से मना किया, तो वे इतने आहत हुए कि उन्होंने जानलेवा कदम उठा लिया। जिसमें डायबिटीज से पीड़ित उसे बुजुर्ग को घर पर मीठा नहीं खाने दिया जाता था, जिससे नाराज होकर बुजुर्ग प्लेटफॉर्म 3 पर खड़ी अवंतिका एक्सप्रेस के आगे लेट गए। मौत सिर पर थी, लेकिन तभी देवदूत बनकर आए आरक्षक चेतन नरवले। चेतन ने बिना वक्त गंवाए पहले ट्रेन के लोको पायलट से ब्रेक लगवाएं और फिर ट्रैक पर से वृद्ध को बाहर खींचा। पुलिस की संवेदनशीलता यहीं खत्म नहीं हुई। बुजुर्ग काफी परेशान थे, जिन्हें जवानों ने दिलासा देकर शांत किया। बुजुर्ग के पास मौजूद डायरी से उनके पोते रत्नेश का नंबर मिला। सूचना मिलते ही पोता रोते हुए स्टेशन पहुंचा और अपने दादा को गले लगा लिया। आखिर में, एक सुखद अंत के साथ बुजुर्ग सुरक्षित अपने घर लौटे।
इंदौर में बच्चा-चोरी अफवाहों पर पुलिस ने की सख्त कार्रवाई, तीन एफआईआर दर्ज
इंदौर शहर में सोशल मीडिया पर फैल रही बच्चा-चोरी की अफवाहों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। लगातार दो-तीन दिनों से इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर भ्रामक वीडियो और पोस्ट शेयर किए जा रहे थे। जिसके बाद पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए तीन अलग-अलग थानों में एफआईआर दर्ज की हैं।
इंदौर पुलिस ने पहली कार्रवाई हीरा नगर थाना क्षेत्र में की है। जहां एक इंस्टाग्राम अकाउंट इंदौर अपडेट होलकर क्लब द्वारा एक व्यक्ति को बच्चा चोर बताकर उसका वीडियो वायरल किया गया था। पुलिस की जांच में वीडियो पूरी तरह भ्रामक पाया गया।
दूसरा मामला खजराना थाना क्षेत्र का है, जहां नमस्ते इंदौर सोशल नामक अकाउंट द्वारा एक महिला को बच्चा चोर बताकर वीडियो शेयर किया गया। जांच में स्पष्ट हुआ कि वीडियो में दिखाई दे रही महिला असल में बच्चे की मां थी और वह अपनी दादी से बच्चे को ले रही थी। इसे बच्चा-चोरी की घटना बताकर वायरल किया गया था।
तीसरा मामला राऊ थाना क्षेत्र का है, जहां एक इंस्टाग्राम अकाउंट होल्डर द्वारा एक महिला को बच्चा-चोर बताकर घटना को धारावी जैसी बताकर फैलाया गया। यह वीडियो भी फेक पाया गया। इस मामले में पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने स्पष्ट निर्देश जारी किए है कि किसी भी तरह का फेक, अफवाह या भ्रामक कंटेंट शेयर, लाइक या कमेंट करने वालों पर भी कार्रवाई होगी। मेटा को भी संबंधित अकाउंट्स की जानकारी भेजी जा रही है।
पुलिस ने अपील की है कि बच्चा-चोरी से जुड़ी कोई भी घटना दो-ढाई साल से शहर में हुई ही नहीं है, इसलिए अफवाहों से बचें और जागरूक रहें।
आजाद नगर से 14 वर्षीय बालिका का अपहरण, पुलिस ने भोपाल से सुरक्षित बरामद किया
इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र से 14 वर्षीय नाबालिग बालिका के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका को भोपाल से सकुशल बरामद कर लिया है, साथ ही एक आरोपी युवक और उसकी मां को गिरफ्तार किया गया है। दरअसल इंदौर के आजाद नगर क्षेत्र में किराए से रहने आए एक परिवार ने अपने घर पर कन्या भोज का आयोजन होने की बात कहकर क्षेत्र की दो युवतियों को बुलाया था। इनमें से एक युवती तो कुछ समय बाद वापस लौट आई, लेकिन दूसरी 14 वर्षीय बालिका को आरोपी युवक और उसकी मां बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद आजाद नगर थाना पुलिस ने अपहरण सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस के सामने यह चुनौती भी थी कि आरोपी और बालिका के पास कोई मोबाइल फोन नहीं था, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो गया था।इसके बावजूद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तकनीकी साक्ष्यों, आसपास के इनपुट और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश तेज कर दी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने भोपाल में दबिश देकर बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया और आरोपी युवक व उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। बालिका को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
Varsha Shrivastava 
