Indore में ट्रैफिक सुधार के लिए 4 विशेष पेट्रोलिंग टीमें गठित, बाजारों और मुख्य मार्गों पर तुरंत कार्रवाई
इंदौर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को लेकर बड़ा कदम। शहर में ट्रैफिक पुलिस रखेगी मुख्य रास्तों और बाजारों पर नजर। चार विशेष पेट्रोलिंग टीमें तुरंत करेंगी कार्रवाई।
इंदौर। शहर में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा फैसला लिया है। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए चार विशेष पेट्रोलिंग टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें शहर के व्यस्ततम मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार निगरानी रखेंगी और मौके पर ही कार्रवाई करेंगी।

हर ट्रैफिक जोन में रहेगी एक टीम
ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों की मौजूदगी में चारों ट्रैफिक जोन के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। प्रत्येक जोन में एक टीम तैनात रहेगी, जो अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करेगी। अधिकारियों के अनुसार, कई स्थानों पर अवैध पार्किंग और सड़क पर वाहन खड़े करने की वजह से जाम की स्थिति बन जाती है। अब ये टीमें ऐसे स्थानों पर तुरंत पहुंचकर यातायात को सुचारू करेंगी।

टीम में कौन-कौन रहेगा शामिल
प्रत्येक पेट्रोलिंग टीम में एक सूबेदार या उप निरीक्षक टीम प्रभारी के रूप में रहेगा। इसके साथ एक एएसआई या प्रधान आरक्षक, चार आरक्षक और एक महिला आरक्षक भी शामिल होंगी। इसके अलावा दो मोटरसाइकिलों पर पेट्रोलिंग की व्यवस्था रहेगी, ताकि टीम तेजी से अलग-अलग स्थानों तक पहुंच सके।

आधुनिक संसाधनों से लैस रहेंगी टीमें
इन टीमों को कई जरूरी संसाधन भी दिए गए हैं। इनमें एनाउंसमेंट के लिए पीए सिस्टम, पेट्रोलिंग मोटरसाइकिल, बॉडी वॉर्न कैमरा, क्रेन या सपोर्ट वाहन और व्हील लॉक शामिल हैं। अवैध रूप से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर व्हील लॉक लगाकर चालानी कार्रवाई की जाएगी। चालान काटने के लिए पीओएस मशीन भी टीम के पास रहेगी, जिससे मौके पर ही डिजिटल चालान बनाया जा सके।

बाजार और मुख्य सड़कों पर रहेगी खास नजर
विशेष रूप से उन जगहों पर ध्यान दिया जाएगा, जहां अक्सर फुटपाथ पर वाहन खड़े कर दिए जाते हैं या दुकानों के बाहर सड़क पर गाड़ियां लगाकर रास्ता रोक दिया जाता है। ऐसी स्थिति में टीम मौके पर पहुंचकर पहले समझाइश देगी और जरूरत पड़ने पर सख्त कार्रवाई भी करेगी। क्रेन की मदद से वाहन हटाए जाएंगे और नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।

पारदर्शिता और जनसहयोग पर जोर
कार्रवाई की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी सदस्य बॉडी वॉर्न कैमरा का इस्तेमाल करेंगे, जिससे पूरी कार्रवाई रिकॉर्ड होगी। साथ ही पीए सिस्टम के जरिए दुकानदारों, रहवासियों और आम नागरिकों से अपील की जाएगी कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि इन टीमों के काम की नियमित समीक्षा की जाएगी। यह पहल शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Varsha Shrivastava 
