West Bengal Politics : TMC के 20 बागी सांसदों में से 17 BJP में होंगे शामिल, यूसूफ पठान सहित 3 का बाहर से समर्थन

West Bengal Politics : TMC से नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में आए सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने अन्य NCPI सांसदों को लेकर बड़ा दावा किया है।

West Bengal Politics : TMC के 20 बागी सांसदों में से 17 BJP में होंगे शामिल, यूसूफ पठान सहित 3 का बाहर से समर्थन

West Bengal Politics : नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस (TMC) छोड़कर नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में शामिल हुए कूचबिहार सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने बड़ा राजनीतिक दावा किया है। न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा से पहले NCPI के 20 में से 17 सांसद भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि तीन अल्पसंख्यक सांसद इस समूह में शामिल नहीं होंगे। उनके इस दावे के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल बढ़ गई है।

तीन अल्पसंख्यक सांसद BJP में नहीं जाएंगे

सांसद बसुनिया ने कहा कि सांसद अबू ताहिर और खलीलुर रहमान को अलग-अलग विभाग दिए जा सकते हैं और वे NDA का समर्थन भी करेंगे। उन्होंने कहा कि इन सांसदों के चुनाव क्षेत्रों में बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक मतदाता हैं। ऐसे में उनके लिए सीधे BJP में शामिल होना राजनीतिक रूप से मुश्किल हो सकता है। बसुनिया के मुताबिक, इससे उन्हें अपने क्षेत्र में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

‘बीजेपी ने हमें NCPI में शामिल कराया था’

NCPI सांसद ने दावा किया कि BJP ने ही उन्हें NCPI में शामिल कराया था। उन्होंने कहा कि उनका और अन्य सांसदों का उद्देश्य BJP में शामिल होना था। बसुनिया ने कहा कि अगर परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 20 में से 17 सांसद दुर्गा पूजा से पहले BJP में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, यह फिलहाल उनका दावा है और इस संबंध में BJP की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। बता दें कि, 20 सदस्यों में से दो-तिहाई से ज्यादा सांसद एक साथ जाएंगे, इसलिए दल-बदल कानून हम पर लागू नहीं होगा।

बंगाल में TMC की हार के बाद 14 जून को बागी सांसदों ने ममता का साथ छोड़ दिया था। इन सांसदों ने त्रिपुरा की स्थानीय पार्टी NCPI में विलय किया और NDA को समर्थन देने का ऐलान किया। अब ये सांसद सीधे भाजपा में शामिल होंगे हालांकि तीन सांसद- अबू ताहेर खान, खलीलुर रहमान और यूसुफ पठान भाजपा में शामिल हुए बिना बाहर से NDA का समर्थन करेंगे।

ममता से अलग हुए ये 20 बागी सांसदों 

बारासत – काकोली घोष दस्तीदार  
कूचबिहार – जगदीश चंद्र बसुनिया  
जांगीपुर – खलीलुर रहमान  
बहरामपुर – यूसुफ पठान  
मुर्शिदाबाद – अबू ताहेर खान  
बैरकपुर – पार्थ भौमिक  
मथुरापुर – बापी हलदार  
जादवपुर – सायोनी घोष  
कोलकाता दक्षिण – माला रॉय  
आरामबाग – मिताली बाग  
घाटाल – दीपक अधिकारी (देव)  
झाड़ग्राम – कालीपद सोरेन  
मेदिनीपुर – जून मालिया  
बांकुड़ा – अरुप चक्रवर्ती  
बर्धमान पूर्व – डॉ. शर्मिला सरकार  
हावड़ा – प्रसून बंद्योपाध्याय  
बोलपुर – असित कुमार माल  
बीरभूम – शताब्दी रॉय  
हुगली – रचना बनर्जी  
कोलकाता उत्तर – सुदीप बंद्योपाध्याय

ममता के पास अब सिर्फ 22 विधायक और 19 सांसद बचे

ममता की टीएमसी के पास कुल 28 लोकसभा सांसद थे, जिसमें से 20 अलग हो गए हैं। अब लोकसभा में ममता के पास सिर्फ 8 सांसद बचे हैं।  वहीं राज्यसभा की बात करें तो 13 में से दो सांसद इस्तीफा दे चुके हैं, जिसके बाद सिर्फ 11 राज्यसभा सांसद बचे हैं। इसके अलावा टीएमसी ने इस बार के चुनाव में 80 सीटें जीतीं थीं। जिसमें से 58 विधायक अलग गुट बना चुके हैं। इसके बाद अब ममता के पास सिर्फ 22 विधायक बचे हैं।

बसुनिया के घर लौटने पर बढ़ा तनाव

कूचबिहार से सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया रविवार को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच अपने घर लौटे। उनके पहुंचने की खबर के बाद सिताई इलाके में राजनीतिक तनाव बढ़ गया। आरोप है कि सिताई बस स्टैंड के पास स्थित TMC कार्यालय में तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी गई। इसके बाद स्थानीय लोगों और BJP कार्यकर्ताओं के एक वर्ग ने सांसद के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी।

प्रदर्शनकारियों ने लगाए गंभीर आरोप

प्रदर्शनकारियों ने बसुनिया पर पिछले 15 वर्षों में राजनीतिक प्रभाव का कथित रूप से दुरुपयोग करने और भ्रष्टाचार के जरिए संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगाए। उन पर राइस मिल समेत कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान खड़े करने के भी आरोप लगाए गए। हालांकि ये आरोप प्रदर्शनकारियों की ओर से लगाए गए हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। प्रदर्शनकारियों ने TMC छोड़कर NCPI में जाने के फैसले को लेकर भी सांसद पर निशाना साधा।

राजनीतिक सफर को लेकर भी विरोध

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया पहले फॉरवर्ड ब्लॉक में थे। इसके बाद उन्होंने TMC का दामन थामा और अब BJP में जाने की कोशिश कर रहे हैं। विरोध कर रहे लोगों ने कहा कि वे बसुनिया या उनके समर्थकों को BJP में स्वीकार नहीं करेंगे। सांसद के BJP में जाने के दावे और विरोध प्रदर्शन के बाद सिताई में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।