तमिलनाडु पटाखा फैक्ट्री धमाके में 18 की मौत: कई लोग मलबे में दबे, आसपास की बिल्डिंग में आई दरारें

तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाका के बाद अब तक 18 लोगों के शव बरामद किए। 6 लोगों को गंभीर घायल होने के कारण अस्पताल ले जाया गया।

तमिलनाडु पटाखा फैक्ट्री धमाके में 18 की मौत: कई लोग मलबे में दबे, आसपास की बिल्डिंग में आई दरारें

तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में बड़ा हादसा हो गया। पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके ने 18 लोगों की जान ले ली। हादसे में गंभीर रुप से घायल 6 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। फायर एंड रेस्क्यू विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और फंसे लोगों को निकालने में जुटी हैं। रविवार को हुए इस तेज ब्लास्ट के कारण फैक्ट्री के आसपास की बिल्डिंग्स में दरारें आ गई। फिलहाल, ये विस्फोट किस कारण हुआ ये पता नहीं चल पाया है। 

तमिलनाडु सीएम स्टालिन ने जताया शोक

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने हादसे पर दुख जताया। सीएम ने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही मंत्रियों को तुरंत घटनास्थल पर जाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने जिला कलेक्टर से बात कर सभी जरूरी सहायता उपलब्ध कराने और समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए हैं।

बता दें, पहले 6 दिन पहले 13 अप्रैल को विरुधुनगर सत्तूर के पास सथिरापट्टी इलाके में एक पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ था। इसमें दो मजदूर की मौत हो गई थी। एक मजदूर की मौके पर झुलसने से मौत हो गई थी। वहीं, अस्पताल में इलाज के दौरान दूसरे मजदूर ने दम तोड़ दिया था।