Singrauli में जलभराव से घिरा प्राथमिक स्कूल, घुटनों तक पानी में चलकर स्कूल पहुंच रहे बच्चे
सिंगरौली के पुरैल प्राथमिक स्कूल में टूटी पाइपलाइन के कारण जलभराव हो गया है. बच्चे घुटनों तक पानी पार कर स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है.
सिंगरौली: जिले के संकुल केंद्र गन्नई अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला पुरैल में जलभराव के कारण छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्कूल परिसर और आसपास पानी भर जाने से बच्चे घुटनों तक पानी पार कर स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं. इससे उनकी सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, एलएंडटी की जलापूर्ति पाइपलाइन टूटने के कारण पूरे दिन पानी बहता रहा. समय पर पाइपलाइन की मरम्मत नहीं होने से स्कूल परिसर और आसपास का इलाका जलमग्न हो गया.
जलभराव के कारण छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है. पानी के बीच होकर गुजरने की वजह से फिसलने और अन्य हादसों का भी खतरा बना हुआ है.
अभिभावकों और ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द टूटी पाइपलाइन की मरम्मत कराने, जल निकासी की व्यवस्था करने और बच्चों के सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.
Anubhav Dubey 
