Satna News: शव रखकर सड़क जाम करने पर 16 लोगों पर एफआईआर, पुलिस की कार्रवाई
सतना में बिरला सीमेंट कर्मचारी की मौत के बाद शव रखकर सड़क जाम करने के मामले में कोलगवां पुलिस ने 16 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है. अन्य आरोपियों की पहचान फोटो और वीडियो के आधार पर की जा रही है.
सतना: बिरला सीमेंट के एक कर्मचारी की हार्ट अटैक से मौत के बाद शव रखकर सड़क जाम कर प्रदर्शन करने के मामले में कोलगवां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने 16 नामजद लोगों समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि फोटो और वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है.
मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर हुआ था प्रदर्शन
गुरुवार को बिरला सीमेंट के एक कर्मचारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी. इसके बाद मृतक के परिजनों के साथ कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मुआवजा और आश्रित को नौकरी देने की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम होने से यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा.
इन 16 लोगों पर दर्ज हुई एफआईआर
कोलगवां पुलिस ने कांग्रेस प्रवक्ता रीतेश त्रिपाठी, बालेश त्रिपाठी, सेवादल के बरमेन्द्र प्रताप सिंह, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष राहुल सोनी उर्फ टोनी, गजेंद्र सिंह गुड्डू, संजय त्रिपाठी, अरुण त्रिपाठी, राजललन सिंह, अंकित गुप्ता, आनंद पाण्डेय, शैलेश तिवारी, दिव्यांशु सिंह उर्फ कान्हा, संजय तिवारी, विमलेश तिवारी, अरुण कुशवाहा और नारायण तिवारी सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
कांग्रेस ने उठाए सवाल
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के शहर अध्यक्ष आरिफ इकबाल सिद्दीकी भी मौजूद थे. हालांकि, एफआईआर में उनका नाम शामिल नहीं होने पर सवाल उठाए जा रहे हैं. इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है.
फोटो और वीडियो से होगी पहचान
पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन में शामिल अन्य अज्ञात लोगों की पहचान मौके के फोटो और वीडियो के आधार पर की जा रही है. पहचान पूरी होने के बाद उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसी तरह के एक अन्य मामले में सीधी जिले के रामपुर नैकिन क्षेत्र में सड़क जाम कर प्रदर्शन करने पर भी कई लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
Anubhav Dubey 
