सतना: नशेड़ियों ने पुलिस पर किया पथराव, सुरक्षा पर उठे सवाल
सतना के कोलगवां में नशेड़ियों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया जब उन्हें पकड़ने गई पुलिस ने विरोध किया। मौके पर करीब 12 नशेड़ियों ने हमला किया, पुलिस को पीछे हटना पड़ा, लेकिन कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
नशेड़ियों को पकड़ने गए पुलिसकर्मियों पर नशेड़ियों ने ही पथराव कर दिया। मामला सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमान नगर नई बस्ती, वार्ड क्रमांक 15 का है। 8 जनवरी की रात कोलगवां थाना पुलिस को सूचना मिली कि वार्ड नंबर 15 में पानी टंकी के पास कुछ युवक शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पहले बाइक से दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। जैसे ही पुलिसकर्मियों ने नशेड़ियों को समझाने की कोशिश की, आरोपी पुलिस से गाली-गलौज करने लगे।

स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी युवक बस्ती की ओर भागने लगे। जब पुलिस की टीम ने उनका पीछा किया और नई बस्ती के भीतर पहुंची, तो वहां पहले से मौजूद करीब 12 से ज्यादा नशेड़ियों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और गाली-गलौज के बाद पत्थरबाजी पर उतर आए।
अचानक हुए इस हमले से मौके पर मौजूद करीब पांच पुलिसकर्मियों को जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा। हालांकि किसी पुलिसकर्मी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। लेकिन इस घटना ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और अपराधियों के बढ़ते हौसलों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब पुलिस टीम पर ही इस तरह खुलेआम हमला हो सकता है, तो आम नागरिक खुद को कितना सुरक्षित महसूस करेगा, यह बड़ा सवाल है।

