Satna में कुरकुरे का लालच देकर 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म, नागौद पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

सतना के नागौद थाना क्षेत्र में 4 साल की बच्ची को कुरकुरे का लालच देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

Satna में कुरकुरे का लालच देकर 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म, नागौद पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र में चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना 29 जुलाई की दोपहर करीब 12 बजे की है। बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला 55 वर्षीय रामजस चौधरी उसे कुरकुरे दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची रोते हुए घर पहुंची।

परिजनों ने बच्ची को डरा-सहमा देखा तो उससे पूछताछ की। काफी देर बाद उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई। परिवार सामाजिक संकोच के कारण दो दिन तक पुलिस के पास नहीं पहुंचा। इसके बाद 31 जुलाई की रात करीब 1:30 बजे परिजन बच्ची को लेकर नागौद थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

नागौद थाना प्रभारी मनोज सोनी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) के तहत मामला दर्ज किया। शनिवार सुबह आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बच्ची को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत बाल संरक्षण समिति के समक्ष पेश किया, जहां उसके बयान दर्ज किए गए। इसके बाद मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। मामले की आगे की जांच जारी है।