धोनी की शरण में पहुंचे ऋषभ पंत? श्रीलंका दौरे से पहले माही के साथ की ट्रेनिंग, करियर के लिए अहम होगी टेस्ट सीरीज
श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले ऋषभ पंत ने रांची में एमएस धोनी के साथ ट्रेनिंग की। खराब फॉर्म से जूझ रहे पंत के लिए यह सीरीज करियर की सबसे अहम परीक्षा मानी जा रही है।
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) श्रीलंका दौरे से पहले अपनी तैयारियों में जुट गए हैं. इसी बीच उनकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें वह पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के साथ ट्रेनिंग करते नजर आ रहे हैं. यह तस्वीर सामने आने के बाद क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई है कि क्या पंत अपने मुश्किल दौर से बाहर निकलने के लिए धोनी का मार्गदर्शन ले रहे हैं.
रांची में धोनी के साथ ट्रेनिंग
श्रीलंका रवाना होने से पहले ऋषभ पंत रांची पहुंचे, जहां उन्होंने एमएस धोनी के साथ ट्रेनिंग सेशन किया. भारत के पूर्व स्पिनर शाहबाज नदीम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दोनों की तस्वीर साझा की. फोटो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "भारतीय क्रिकेट के दो बेहतरीन फिनिशर, ऋषभ पंत और माही भाई. यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और फैंस इसे पंत की वापसी की तैयारी के तौर पर देख रहे हैं.
श्रीलंका सीरीज पंत के लिए 'करो या मरो'
भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज 15 अगस्त से शुरू होगी. यह सीरीज ऋषभ पंत के लिए बेहद अहम मानी जा रही है.
पंत फिलहाल भारतीय टीम के व्हाइट बॉल सेटअप से बाहर हैं. उन्होंने आखिरी बार 7 अगस्त 2024 को श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच खेला था. तब से वह भारत के लिए कोई वनडे या टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेले हैं. अब टेस्ट क्रिकेट ही उनका सबसे मजबूत फॉर्मेट बचा है, लेकिन यहां भी ध्रुव जुरेल जैसे युवा विकेटकीपर उनकी जगह के लिए चुनौती पेश कर रहे हैं.
हालिया प्रदर्शन रहा मिला-जुला
जून में अफगानिस्तान के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ टेस्ट में ऋषभ पंत ने 81 रनों की शानदार पारी खेली थी. हालांकि उससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में वह सिर्फ 49 रन ही बना सके थे. लगातार अस्थिर प्रदर्शन के कारण उनकी टेस्ट टीम में जगह पर भी सवाल उठने लगे हैं.
Rishabh Pant spotted with MS Dhoni in a car heading to Dhoni farmhouse. pic.twitter.com/6kUWHzeNlW
— MARCUS (@MARCUS907935) August 2, 2026
IPL 2026 में भी नहीं चला बल्ला
आईपीएल 2026 भी ऋषभ पंत के लिए खास नहीं रहा। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान के तौर पर उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा. 14 मैच, 312 रन, औसत: 28.36, स्ट्राइक रेट: 138. उनकी कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स अंक तालिका में आखिरी (10वें) स्थान पर रही.
क्या धोनी दिलाएंगे वापसी का रास्ता?
महेंद्र सिंह धोनी को हमेशा युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शक माना जाता है। उन्होंने अपने करियर में कई खिलाड़ियों को मुश्किल दौर से बाहर निकलने में मदद की है।
ऐसे में माना जा रहा है कि श्रीलंका दौरे से पहले पंत का रांची जाकर धोनी के साथ ट्रेनिंग करना सिर्फ फिटनेस या अभ्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि वह माही के अनुभव और सलाह का भी फायदा उठाना चाहते हैं।
अगर पंत श्रीलंका टेस्ट सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो वह टेस्ट टीम में अपनी जगह मजबूत कर सकते हैं। लेकिन अगर उनका खराब फॉर्म जारी रहा, तो टीम में उनकी जगह पर खतरा और बढ़ सकता है।

