मैहर मल्हार संगीत सभा का शुभारंभ, नवोदित कलाकारों ने बिखेरा सुरों का जादू
मैहर में "मैहर मल्हार संगीत सभा" का भव्य शुभारंभ हुआ, जिसमें नवोदित कलाकारों ने शास्त्रीय गायन, तबला जुगलबंदी और कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
मैहर जिले की सांस्कृतिक धरोहर और मैहर घराने की समृद्ध संगीत परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन तथा युवा पीढ़ी को शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा नवाचार किया जा रहा है। इस कड़ी में 1 अगस्त को शासकीय संगीत महाविद्यालय, मैहर में शनिवार सायं 7 बजे "मैहर मल्हार संगीत सभा" का भव्य शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य नवोदित कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा मैहर घराने की सांगीतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। इस अवसर पर कलाकारों ने शास्त्रीय गायन, तबला जुगलबंदी, कथक समूह नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मैहर विधायक कांत चतुर्वेदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। विशिष्ट अतिथियों में राजमाता कवितेश्वरी देवी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष कमलेश सुहाने सहित विश्वनाथ चौरसिया, सत्यभान पटेल, राज ललन मिश्रा, उत्तम पांडेय, नगर के गणमान्य नागरिक एवं जिले के अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर चयनित कलाकारों ने विभिन्न विधाओं में प्रस्तुति दी। शास्त्रीय गायन में सुशोभित गौतम ने अपनी प्रस्तुति दी, जिनके साथ तबले पर अनुराग श्रीवास्तव, हारमोनियम पर गौतम भारतीय तथा सारंगी पर मोहम्मद अहमद खान ने संगत की।

तबला जुगलबंदी की आकर्षक प्रस्तुति सोनाली रैदास एवं उदय सूर्यवंशी ने दी। कथक समूह नृत्य में नंदनी अग्निहोत्री, नंदनी पटेल, संस्कृति चौरसिया, श्रेया नागर एवं सौम्या रजक ने मनमोहक प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति का निर्देशन डॉ. सपना नामदेव ने किया।
कार्यक्रम में अतिथि कलाकार के रूप में देवांश मिश्रा एवं श्रीमती कल्पना मिश्रा ने शास्त्रीय गायन प्रस्तुत किया। उनके साथ तबले पर अनुराग श्रीवास्तव तथा हारमोनियम पर सुनील प्रजापति ने संगत की।

कार्यक्रम का पहला आयोजन शासकीय संगीत महाविद्यालय, मैहर में किया गया। संगीत प्रेमियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे मैहर घराने की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


