सतना-चित्रकूट मार्ग पर बड़ा हादसा: अनियंत्रित बस पलटी, 25 से अधिक यात्री घायल
हाटी मोड़ के पास दर्दनाक हादसा। तेज रफ्तार बस पलटने से 25 से अधिक यात्री घायल।
सतना। मध्य प्रदेश के Satna जिले में मंगलवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चित्रकूट जा रही नफीस ट्रेवल्स की बस स्टेट हाईवे पर हाटी मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 25 से 30 यात्री घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस काफी तेज गति में चल रही थी। जैसे ही बस हाटी मोड़ के पास पहुंची, तभी सामने अचानक एक ऑटो आ गया। चालक ने ऑटो को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगाने के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्री बस के अंदर फंस गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस सतना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने 112 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल सतना पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, लगभग 25 घायल अस्पताल लाए गए हैं। इनमें से दो महिलाएं सहित तीन यात्रियों को सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। करीब 10 अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि बाकी यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अचानक सामने आए ऑटो को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
Varsha Shrivastava 
