युवा दिवस पर रीवा में सामूहिक सूर्य नमस्कार, डिप्टी CM हुए शामिल

राष्ट्रीय युवा दिवस पर शहर में सामूहिक सूर्य नमस्कार और प्राणायाम किया गया, जिसमें डिप्टी CM राजेन्द्र शुक्ल ने युवाओं को स्वस्थ रहने और नशे से दूर रहने का मैसेज दिया।

युवा दिवस पर रीवा में सामूहिक सूर्य नमस्कार, डिप्टी CM हुए शामिल

स्वामी विवेकानंद की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर रीवा के मार्तण्ड स्कूल नंबर 3 के मैदान में सामूहिक सूर्य नमस्कार और प्राणायाम का कार्यक्रम रखा गया। इसमें प्रदेश केडिप्टी CM राजेन्द्र शुक्ल भी शामिल हुए और उन्होंने खुद सूर्य नमस्कार और प्राणायाम किया।

इस कार्यक्रम में मनगवां विधायक इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स मौजूद रहे। डिप्टी CM राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि अगर समाज स्वस्थ रहेगा तो देश भी मजबूत बनेगा।

उन्होंने कहा कि जब इंसान स्वस्थ और खुश रहता है, तब वो अपना  लक्ष्य आसानी से पा सकता है। उन्होंने बताया कि रोज सूर्य नमस्कार करने से शरीर स्वस्थ रहता है और बीमारियां दूर रहती हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपनी ताकत और ऊर्जा का सही इस्तेमाल समाज और देश के लिए करें और भारत को आगे बढ़ाने में मदद करें।

नशे से दूर रहने की सलाह

डिप्टी CM ने युवाओं से नशा न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर युवा नशे की लत में पड़ गए तो विकास बेकार हो जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद ने बहुत कम उम्र में दुनिया में अपना नाम बनाया।

उनका सपना था कि भारत विश्व गुरु बने और आज वो सपना सच होता दिख रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और आर्थिक रूप से मजबूत बन रहा है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी हमें सही रास्ता दिखाते हैं। युवाओं को चाहिए कि उनके जीवन से सीख लेकर आगे बढ़ें। अंत में उन्होंने सभी को युवा दिवस की बधाई दीं।

कार्यक्रम में प्रभारी IG गौरव राजपूत, नगर निगम आयुक्त, अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी, जिला शिक्षा अधिकारी, समाजसेवी अतुल जैन और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जिलेभर में हुआ सूर्य नमस्कार

सूर्य नमस्कार का सीधा प्रसारण आकाशवाणी से सुबह 9:30 बजे किया गया। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे खत्म हुआ।

विश्वविद्यालय में भी कार्यक्रम

अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के स्टेडियम में भी सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम हुआ। इसमें कुलगुरु प्रोफेसर कुडरिया मुख्य अतिथि रहे और कुलसचिव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।