रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ ने बनाया रिकॉर्ड, अमेरिका में की ताबड़तोड़ कमाई

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है और नॉर्थ अमेरिका में नया रिकॉर्ड बना चुकी है।

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ ने बनाया रिकॉर्ड, अमेरिका में की ताबड़तोड़ कमाई

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई कर रही है। यह फिल्म साल 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है। साल 2026 में भी फिल्म की कमाई लगातार जारी है। दुनियाभर में फिल्म अब 1300 करोड़ क्लब में शामिल होने से बस थोड़ी दूर है।

‘धुरंधर’ ने नॉर्थ अमेरिका में नया रिकॉर्ड बना दिया है। यह वहां की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। इस फिल्म ने एसएस राजामौली की सुपरहिट फिल्म बाहुबली 2 को भी पीछे छोड़ दिया है।

धुरंधर की कमाई की अपडेट 

फिल्म ने भारत में 800 करोड़ रुपये की नेट कमाई की है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 1000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। मिडिल ईस्ट में फिल्म पर बैन होने के बावजूद, ओवरसीज में फिल्म ने 32 मिलियन डॉलर की कमाई कर ली है।

HT की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने अमेरिका और कनाडा में 21 मिलियन डॉलर कमा लिए हैं। इससे पहले बाहुबली 2 ने नॉर्थ अमेरिका में 20.7 मिलियन डॉलर की कमाई की थी, जिसे अब ‘धुरंधर’ ने पार कर लिया है।

ये भी पढ़ें-- धुरंधर 2 में लौटेंगे अक्षय खन्ना! अभी बाकी है रहमान डकैत की कहानी

इन फिल्मों को छोड़ा पीछे

‘धुरंधर’ ने कई बड़ी और हिट फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है, जिनमें
कल्कि 2898 एडी, पठान, जवान, आरआरआर, पुष्पा 2, एनिमल और दंगल जैसी फिल्में शामिल हैं।

इतना ही नहीं, ‘धुरंधर’ ऑस्ट्रेलिया में भी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। ओवरसीज मार्केट में यह फिल्म टॉप कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में 13वें नंबर पर है।

इस फिल्म को आदित्य धर ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में रणवीर सिंह लीड रोल में नजर आए हैं। उनके साथ अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त जैसे बड़े कलाकार भी हैं। फिल्म में सारा अर्जुन फीमेल लीड रोल में दिखाई दी हैं।