इंदौर में कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी पर केस दर्ज: अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम टीम से विवाद, 4-5 ठेला संचालक भी आरोपी
इंदौर में अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की टीम से भिड़े कांग्रेस पार्षद, सरकारी काम में बाधा और धमकी देने का आरोप
इंदौर। शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नगर निगम अधिकारियों से हुए विवाद के मामले में कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भंवरकुआं थाना पुलिस ने पार्षद और उनके साथ मौजूद 4-5 ठेला संचालकों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और धमकी देने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पालदा नाका पर अतिक्रमण हटाने पहुंची थी टीम
एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया के मुताबिक, भंवरकुआं थाना क्षेत्र के नेमावर रोड स्थित पालदा नाका के पास सड़क किनारे ठेले लगने से यातायात प्रभावित हो रहा था। यहां जाम की स्थिति बनने की शिकायतों के बाद नगर निगम की रिमूवल टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। टीम का नेतृत्व सब-जोनल अधिकारी राजू कल्याणे कर रहे थे।
कार्रवाई का विरोध करने का आरोप
इसी दौरान कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी और 4-5 ठेला संचालक मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने नगर निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम को अतिक्रमण हटाने से रोका। इस दौरान अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने और उन्हें धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना के बाद सब-जोनल अधिकारी राजू कल्याणे ने भंवरकुआं थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर पार्षद कुणाल सोलंकी सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के साथ कथित अभद्रता और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी। पुलिस की आगामी कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
Varsha Shrivastava 
