दिग्विजय सिंह पर मंत्री विश्वास सारंग का तीखा हमला, कांग्रेस की गुटबाजी पर उठाए सवाल
वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के हालिया बयान पर मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि यह दिग्विजय सिंह का अंदरूनी मामला है और वह शहीद बनने की कोशिश कर रहे हैं। पहले दिग्विजय सिंह यह स्पष्ट करें कि क्या कांग्रेस ने उन्हें दोबारा राज्यसभा भेजने का फैसला कर लिया है।
भोपाल। वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के हालिया बयान पर मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यह दिग्विजय सिंह का पूरी तरह से अंदरूनी मामला है और वे जानबूझकर शहीद बनने की कोशिश कर रहे हैं। मंत्री सारंग ने सवाल उठाया कि पहले दिग्विजय सिंह यह स्पष्ट करें कि क्या कांग्रेस पार्टी ने उन्हें दोबारा राज्यसभा भेजने का फैसला कर लिया है।
दिग्विजय सिंह का तीर कहीं और निशाना कहीं
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि देश का संविधान स्पष्ट है और राज्यसभा की सीट छह साल बाद स्वतः ही खाली हो जाती है। ऐसे में सीट छोड़ने की बात करना केवल भ्रम फैलाने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में लंबे समय से गुटबाजी की राजनीति चल रही है और यही कांग्रेस की सबसे बड़ी कमजोरी है। सारंग ने तंज कसते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह का तीर कहीं और है और निशाना कहीं और, उनके बयान का उद्देश्य कुछ और ही है। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह अपने बेटे को राजनीति में स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं और इसी कारण यह रणनीति बनाई जा रही है, ताकि उनके हमउम्र या समकक्ष कोई अन्य नेता राज्यसभा में न पहुंच सके।
बरैया ने समाज को तोड़ने की कोशिश की है
वहीं कांग्रेस नेता फूल सिंह बरैया के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री सारंग ने कहा कि इस तरह के बयान समाज को तोड़ने वाले हैं। उन्होंने कहा कि समाज में विघटन पैदा करना, फूट डालो और राजनीति करो, यह कांग्रेस की पुरानी आदत रही है। ऐसे बयान न सिर्फ अनुचित हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी नुकसान पहुंचाते हैं।
गोकशी करने वाले को फांसी की सज़ा मिलनी चाहिए
गौमांस और गोकशी के मामलों पर मंत्री विश्वास सारंग ने बेहद सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि जो भी गोकशी करेगा, उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए। गौमाता का संरक्षण और संवर्धन हमारी जिम्मेदारी, कर्तव्य और नैतिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गौमाता हमारे लिए पूजनीय है और गोकशी करने वाला व्यक्ति समाज में रहने के योग्य नहीं है। दोषी चाहे कितना भी बड़ा व्यक्ति क्यों न हो, उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
Varsha Shrivastava 
