प्रधानमंत्री का ‘उपदेश’ नाकामी का सबूत, अब देश चलाना उनके बस की बात नहीं: राहुल गांधी

पीएम मोदी ने हैदराबाद में देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि एक साल तक सोना न खरीदें. उन्होंने कहा कि वर्क फ्रॉम होम और विदेश यात्राएं न करें. इस पर अब राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है.

प्रधानमंत्री का ‘उपदेश’ नाकामी का सबूत, अब देश चलाना उनके बस की बात नहीं: राहुल गांधी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान युद्ध के बीच देशवासियों से बड़ी अपील की है. उन्होंने सोना न खरीदने, विदेश यात्रा कम करने, पेट्रोल कम जलाने को कहा है. इसके साथ ही कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम बढ़ाने को भी कहा है. प्रधानमंत्री मोदी की इस अपील पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी का रिएक्शन सामने आया है. उन्होंने कहा कि ये उपदेश नहीं, बल्कि ये नाकामी के सबूत हैं.

राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, 'मोदी जी ने कल जनता से त्याग मांगे - सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम जलाओ, खाद और खाने का तेल कम करो, मेट्रो में चलो, घर से काम करो. ये उपदेश नहीं - ये नाकामी के सबूत हैं. 

कांग्रेस नेता ने कहा, 12 साल में देश को इस मुकाम पर ला दिया है कि जनता को बताना पड़ रहा है - क्या खरीदे, क्या न खरीदे, कहां जाए, कहां न जाए. हर बार जिम्मेदारी जनता पर डाल देते हैं ताकि खुद जवाबदेही से बच निकलें. देश चलाना अब Compromised PM के बस की बात नहीं.'

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे एक साल तक सोना न खरीदें. उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान हमने वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग्स और वीडियो कॉन्फ्रेंस जैसी व्यवस्थाओं को अपनाया था. हमने इसकी आदत डाल ली थी. आज भी समय की मांग है कि हम उन व्यवस्थाओं को फिर से प्राथमिकता दें. 

उन्होंने कहा कि ईरान युद्ध की वजह से दुनियाभर में पेट्रोल और डीजल महंगे हो चुके हैं. ईंधन की बचत करना बेहद ही जरूरी है. आज फर्टिलाइजर की बोरी तीन हजार रुपए की बिक रही है. वहीं भारत में वही बोरी किसानों को 300 रुपए में मुहैया कराई जा रही है.


विपक्ष ने कहा, देश में सिर्फ एक संकट ‘भाजपा’

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, 'भाजपा सरकार अर्थव्यवस्था और विदेश नीति दोनों को संभालने में विफल रही है। जैसे ही चुनाव खत्म हुए, सरकार को अचानक ‘संकट’ याद आ गया। असल में देश के लिए केवल एक ही संकट है और उसका नाम भाजपा है।”


AAP नेता संजय सिंह ने कहा, ‘कल पीएम मोदी ने कहा कि पिछले दो महीनों से सरकार आपका बोझ उठा रही थी। अब जब चुनाव खत्म हो गए हैं, तो आपकी उपयोगिता भी खत्म हो गई। आपका बोझ तब तक उठाया, जब तक पांच राज्यों में चुनाव चल रहे थे। अब वे लोगों से कह रहे हैं कि तेल, पेट्रोल और गैस कम इस्तेमाल करें और सोना न खरीदें। क्या उन्हें चुनाव के दौरान यह सब याद नहीं था।’


कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा,'आर्थिक स्थिति आधिकारिक आंकड़ों और प्रधानमंत्री और उनके सहयोगियों के अब तक किए जा रहे दावों से कहीं ज्यादा गंभीर है।