दिल्ली के शिक्षा मंत्रालय कार्यालय में लगी आग: ITO स्थित SPA बिल्डिंग की दूसरी मंजिल से उठा धुआं, 8 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

नई दिल्ली के ITO क्षेत्र स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) की बिल्डिंग में सोमवार सुबह आग लग गई। आग दूसरी मंजिल पर लगी, जहां शिक्षा मंत्रालय के कुछ कार्यालय संचालित होते हैं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।

दिल्ली के शिक्षा मंत्रालय कार्यालय में लगी आग: ITO स्थित SPA बिल्डिंग की दूसरी मंजिल से उठा धुआं, 8 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के सबसे व्यस्त और हाई-प्रोफाइल इलाके ITO में भीषण आग लग गई। यहाँ स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) की बिल्डिंग में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। आग बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर लगी, जहाँ केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के कुछ दफ्तर संचालित होते हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि मुस्तैदी दिखाते हुए बिल्डिंग में मौजूद सभी छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सुबह 9:37 बजे मिली सूचना, 8 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा..
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के मुताबिक, उन्हें सुबह ठीक 9:37 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दमकल विभाग ने तुरंत एक्शन लिया और एक के बाद एक 8 गाड़ियों को मौके पर रवाना किया। आग दूसरी मंजिल पर होने के कारण दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके लिए हाइड्रोलिक स्काई लिफ्ट की भी मदद ली गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ है।

AC यूनिट में स्पार्किंग से भड़की आग..
शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने की वजह एयर कंडीशनर (AC) में आई खराबी को माना जा रहा है। चश्मदीदों ने बताया कि आग की लपटें उठने से ठीक पहले दूसरी मंजिल पर लगी एक AC यूनिट से तेज धुआं और चिंगारियां (स्पार्किंग) निकलती देखी गई थीं, जिसके कुछ ही देर बाद आग फैल गई। हालांकि, फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन का कहना है कि कूलिंग ऑपरेशन पूरा होने और विस्तृत फॉरेंसिक जांच के बाद ही हादसे की असली वजह साफ हो पाएगी।

हादसे पर शुरू हुई सियासत, कांग्रेस ने उठाए सवाल..
शिक्षा मंत्रालय के दफ्तर में लगी इस आग पर अब सियासी गलियारों में भी सुगबुगाहट शुरू हो गई है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (ट्विटर) पर पोस्ट कर इस घटना पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने लिखा, "शिक्षा मंत्रालय के कार्यालयों में आग लगने की खबर बेहद चिंताजनक है। यह मामला कुछ संदिग्ध भी लगता है।"

फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि इस आगजनी से मंत्रालय के किसी महत्वपूर्ण दस्तावेज, फाइलों या सरकारी रिकॉर्ड को नुकसान पहुंचा है या नहीं।