'यूपी में सपा भी टूटेगी', योगी के मंत्री के इस दावे पर अखिलेश यादव क्या बोले?
OP Rajbhar SP split: योगी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओपी राजभर ने दावा किया है कि समाजवादी पार्टी भी टूटने वाली है. ये बयान ऐसे समय में आया है, जब बंगाल में TMC टूटी, महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे वाली शिवसेना के फिर से टूटने की अटकलें हैं.
पश्चिम बंगाल में TMC टूटी. महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे वाली शिवसेना के फिर से टूटने की अटकलें हैं. ऐसे में योगी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ने ये दावा करके हैरान कर दिया है कि समाजवादी पार्टी भी टूटने वाली है. ओपी राजभर ने एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में बताया कि क्यों उन्होंने सपा में टूट का दावा किया है.
उन्होंने कहा,
आपने देखा कि 20 सांसद टीएमसी से टूट गए. अब वहां उद्धव ठाकरे चिल्ला रहे हैं कि हमारे यहां से सात जा रहे हैं. देख रहे हैं न? अभी रामगोपाल जी ने एक चिट्ठी गृह मंत्री अमित शाह जी को थमाई है. उसमें लिखा है कि खनन वाले मामले में अखिलेश जी का नाम लिया है. उसको बचाना है. और गोमती रिवर फंड में हमारे लड़के को और शिवपाल जी को बचाना है. और ये फला-फला सासंद है, इनको आपके साथ हम भेज देते हैं.
आगे राजभर ने कहा,
सब टूटने जा रहे हैं. सपा छोड़कर जा रहे हैं. अब यहां नहीं रहेंगे. पेट भर गया. जैसे ममता के यहां पेट भर गया. सब चल दिए उधर. वैसे इधर से टूट के अब जाएंगे. महिला बिल पास होना है न. समझ में आ रही है बात. बड़ी टूट होने वाली है. जितने की आवश्यकता है. उससे ज्यादा टूटेंगे. दिल्ली से काम हो रहा है. कैबिनेट मंत्री के सपा में टूट की बात पर अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए सिर्फ इतना कहा है,
दाना और गाना, कब तक चलेगा, ये अफसाना.
ओपी के दावों पर सपा के प्रवक्ता सुनील साजन ने बात करते हुए कहा कि ‘वो सिर्फ बकवास करते हैं’. साजन ने आगे कहा, सपा ने भारतीय जनता पार्टी को 2024 में हाफ किया है. अब तैयारी 2027 में भाजपा को साफ करने की है. जिससे BJP के लोग बौखलाए हैं. ओम प्रकाश राजभर जी जिस तरीके की बात कर रहे हैं, सिर्फ अपनी दुकान चलाने के लिए. आप सुबह कुछ बोलते हैं, शाम को कुछ बोलते हैं. सिर्फ बकवास करना आपकी आदत है. इसका आपको इलाज कराना चाहिए.
समाजवादी के टूट की अटकलों को हवा मिलने की शुरुआत ओपी राजभर के एक ट्वीट से हुई, जिसमें उन्होंने लिखा,
समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी. राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी को चिट्ठी सौंपी है. खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाला का मास्टरमाइंड कौन है, पूरा उत्तर प्रदेश जानता है. शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है. महाराष्ट्र बंगाल छोड़िए, समूची सपा, भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है.
समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी। राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी को चिट्ठी सौंपी है।
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) June 17, 2026
खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाला का मास्टरमाइंड कौन है, पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है।
महाराष्ट्र बंगाल छोड़िए, समूची सपा, भाजपा में…
पार्टी बदली, और ओपी के बयान भी
ओपी राजभर ने पिछला विधानसभा चुनाव अखिलेश यादव की पार्टी सपा के साथ मिलकर लड़ा था. उस समय वो योगी को पानी पी-पीकर कोसते थे. भाषा की मर्यादा भी कई बार पार की, लेकिन अब वो उन्हीं योगी की सरकार में मंत्री हैं. आजकल अखिलेश यादव पर ‘प्रेम’ बरसा रहे हैं, अखिलेश लंदन चले जाएं. जहां उनकी बेटी पढ़ाई करती है तो उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि अगर घूमने ही जाना था तो लंदन और पेरिस की जगह काशी, अयोध्या, मथुरा, नैमिषारण्य या मां विंध्यवासिनी धाम चले जाते.
हाल ही में ओपी राजभर की पार्टी ने बीजेपी से अगले साल की शुरुआत में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव के लिए 32 सीटों की मांग की है. 2022 में राजभर की पार्टी सुभासपा ने सपा के साथ गठबंधन में 19 सीटों पर चुनाव लड़ा था. 6 पर जीत हासिल की थी. नतीजों के कुछ महीने बाद पाला बदलकर राजभर बीजेपी के साथ आ गए. ऐसे में सवाल है कि राजभर के दावे में कितना दम है, कहीं वो सीटों के लिए दबाव बनाने के लिए तो ऐसे बयान नहीं दे रहे हैं.
लोकसभा चुनाव की बात करें तो सपा ने 2024 में 37 सीटें जीती थीं, जो 2019 के मुकाबले 32 ज्यादा थीं. वहीं बीजेपी 62 से 33 सीटों पर पहुंच गई थी. राजभर का बयान ऐसे समय में आया, जब चर्चा गर्म है कि मोदी सरकार मानसून सत्र में लोकसभा में दो-तिहाई का आंकड़ा जुटाने में लगी है, जो मौजूदा नंबर के हिसाब से 360 है. एनडीए के 293 सांसद है, तृणमूल के 20 बागी और शिवसेना यूबीटी के जिन 6 सांसदों के बगावत की खबर आ रही है और कांग्रेस से नाराज डीएमके के 22 को भी बीजेपी मनाने में तैयार हो जाती है तो नंबर 341 तक पहुंच सकता है. अभी भी कम से कम 19 सांसदों की जरूरत और होगी.
shivendra 
