प्रणित मोरे और हिमांशु जांगड़ा को महिला आयोग का नोटिस, सेजल पवार पर AIMSA ने की कार्रवाई की मांग 

गुरुग्राम कॉमेडी विवाद पर NCW का सख्त रुख, प्रणीत मोरे और हिमांशु जांगड़ा को नोटिस जारी, AIMSA ने की सेजल पवार पर कार्रवाई की मांग, तीनों पर महाराष्ट्र साइबर ने दर्ज की FIR

प्रणित मोरे और हिमांशु जांगड़ा को महिला आयोग का नोटिस, सेजल पवार पर AIMSA ने की कार्रवाई की मांग 

गुरुग्राम में हुए एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो से जुड़ा विवाद अब बड़ा रूप ले चुका है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए कुछ वीडियो के बाद मामला राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW), पुलिस और साइबर एजेंसियों तक पहुंच गया है। आयोग ने इस मामले का खुद संज्ञान लेते हुए कॉमेडियन प्रणीत मोरे और हिमांशु जांगड़ा को नोटिस जारी किया है।

NCW ने 22 जून को सुनवाई के लिए बुलाया

राष्ट्रीय महिला आयोग ने दोनों को 22 जून को शाम 4 बजे सुनवाई के लिए पेश होने को कहा है। आयोग ने कहा है कि वायरल वीडियो की सामग्री और उसे मनोरंजन के रूप में प्रस्तुत किए जाने पर गंभीर चिंता है। NCW अध्यक्ष ने हरियाणा के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर मामले में जल्द और सख्त कार्रवाई करने को कहा है। साथ ही पुलिस से सात दिनों के भीतर पूरी रिपोर्ट मांगी गई है।

इस रिपोर्ट में यह जानकारी देने को कहा गया है कि मामले में FIR दर्ज हुई या नहीं, कौन-कौन सी धाराएं लगाई गई हैं, और वीडियो की जांच किस स्तर पर चल रही है। इसके अलावा आयोजकों, कलाकारों और वेन्यू मैनेजमेंट की भूमिका की भी जांच करने को कहा गया है।

 सेजल पवार पर AIMSA ने की कार्रवाई की मांग

ऑल इंडिया मेडिकल स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AIMSA) ने भी इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। संगठन ने मेडिकल छात्रा सेजल पवार द्वारा कैडवर और बॉडी डोनर्स पर किए गए कथित कमेंट्स को असंवेदनशील और अपमानजनक बताया है।

AIMSA का कहना है कि शरीर दान करने वाले लोग मेडिकल शिक्षा और भविष्य के डॉक्टरों के प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे विषयों पर मजाक करना मेडिकल क्षेत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाता है। संगठन ने संबंधित लोगों से माफी की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

महाराष्ट्र साइबर ने दर्ज की तीनों पर FIR

इस पूरे मामले में एक और बड़ा कदम महाराष्ट्र साइबर की ओर से लिया गया है। साइबर सेल ने कॉमेडियन प्रणीत मोरे, हिमांशु जांगड़ा, डॉक्टर सेजल पवार और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

FIR भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत दर्ज की गई है। आरोप है कि शो और उसके वीडियो में महिलाओं, सहमति और मृत शरीरों से जुड़े संवेदनशील विषयों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।

सोशल मीडिया वीडियो से शुरू हुआ विवाद

यह पूरा विवाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो से शुरू हुआ, जिसे “370 रुपये की बिरयानी” वाले कंटेंट से जोड़ा जा रहा है। इसके बाद शो के अन्य क्लिप भी सामने आए, जिनमें कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां थीं। इन वीडियो को लेकर लोगों ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई और इसे असंवेदनशील बताया। धीरे-धीरे यह मामला ऑनलाइन बहस से आगे बढ़कर कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया।

विवाद बढ़ने के बाद हिमांशु जांगड़ा को उनकी कंपनी ने नौकरी से निकाल दिया है। वहीं, कुछ अन्य प्रतिभागियों ने माफी भी मांगी है। फिलहाल मामला NCW की सुनवाई, पुलिस जांच और साइबर FIR के साथ आगे बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में इस पर और कार्रवाई हो सकती है।