CM Mohan Yadav ने दिल्ली में MP के हरित ऊर्जा विजन की प्रस्तुति
दिल्ली में आयोजित 7वें अंतरराष्ट्रीय नवीकरणीय ऊर्जा सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश के हरित ऊर्जा विजन को प्रस्तुत किया और कहा कि प्रदेश देश की सबसे सस्ती बिजली का उत्पादन कर रहा है.
नई दिल्ली में आयोजित 7वें अंतरराष्ट्रीय नवीकरणीय ऊर्जा सम्मेलन एवं प्रदर्शनी-2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी के साथ सहभागिता की। इस दौरान मध्यप्रदेश के हरित ऊर्जा विजन, स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में उपलब्धियों और भविष्य की ऊर्जा रणनीति का प्रस्तुतीकरण किया गया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में मध्यप्रदेश की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। राज्य सरकार ने नवीकरणीय ऊर्जा, पंप्ड हाइड्रो ऊर्जा भंडारण और बायोमास से जुड़ी नीतियां लागू कर निवेश और नवाचार को नई गति दी है.

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश आज देश की सबसे सस्ती बिजली का उत्पादन कर रहा है और नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण तथा हरित औद्योगिक विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली मेट्रो का संचालन भी मध्यप्रदेश में उत्पादित बिजली से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सौर और पवन ऊर्जा के साथ-साथ 24 घंटे नवीकरणीय ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है.

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का संकल्प दुनिया के सामने यह उदाहरण प्रस्तुत करना है कि हरित ऊर्जा की 24 घंटे आपूर्ति संभव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश इस दिशा में लगातार निवेश, तकनीक और ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में काम कर रहा है.

सम्मेलन में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री एयरपोर्ट से दिल्ली मेट्रो के जरिए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। उन्होंने इसे सार्वजनिक परिवहन और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया.
Anubhav Dubey 
