MP में हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार: भोपाल-रीवा समेत 4 सीधी उड़ानें शुरू, रीवा-भोपाल किराया ₹2,700 से
मध्यप्रदेश में भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता की सीधी हवाई सेवाएं शुरू हुईं। रीवा-भोपाल किराया ₹2700 से शुरू होगा। भोपाल-शारजाह उड़ान को लेकर भी बड़ा अपडेट।
भोपाल। मध्यप्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में रविवार को बड़ा कदम उठाया गया. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजा भोज एयरपोर्ट से भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता की सीधी हवाई सेवाओं की शुरूआत की. कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.
लंबे इंतजार के बाद शुरू हुई भोपाल-रीवा फ्लाइट
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोपाल और रीवा के बीच हवाई सेवा शुरू होने का लंबे समय से इंतजार था. उन्होंने कहा कि जब वे पर्यटन निगम के अध्यक्ष थे, तब भी भोपाल-रीवा हवाई सेवा शुरू करने के प्रयास किए गए थे. अब नियमित उड़ान शुरू होने से विंध्य क्षेत्र को राजधानी भोपाल से सीधा हवाई संपर्क मिल गया है.

रीवा-भोपाल का किराया ₹2,700 से, ₹3,500 तक कैपिंग
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि रीवा से भोपाल का हवाई किराया करीब 2,700 रुपए से शुरू होगा, जबकि इसे अधिकतम करीब 3,500 रुपए तक सीमित रखने की बात कही गई है. इसी तरह रीवा-कोलकाता का किराया करीब 3,700 रुपए से शुरू होकर लगभग 5,000 रुपए तक सीमित रखने की जानकारी दी गई. सरकार का कहना है कि किराए को नियंत्रित रखने से आम लोगों के लिए भी हवाई यात्रा आसान होगी.

भोपाल-रीवा समेत चार रूट पर सीधी उड़ान
नई सेवाओं के शुरू होने के बाद मध्यप्रदेश के कई शहरों को दूसरे प्रमुख शहरों से सीधा हवाई संपर्क मिलेगा. इनमें प्रमुख रूप से:
- भोपाल-रीवा
- भोपाल-पटना
- रीवा-कोलकाता
- जबलपुर-कोलकाता
इन उड़ानों से व्यापार, पर्यटन, रोजगार और निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई है.
मध्यप्रदेश सरकार की नई सिविल एविएशन नीति से एयर कनेक्टिविटी को विस्तार मिल रहा है।
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) August 9, 2026
नए एयरपोर्ट बनने से रोजगार के अवसर तो बढ़ते ही हैं साथ ही क्षेत्र के किसान एयर कार्गो की मदद से इंटरनेशनल मार्केट से भी जुड़ते हैं।
हमारा प्रयास है कि मध्यप्रदेश और भी ज्यादा डेस्टिनेशन से… pic.twitter.com/DrONIDzCLC
केंद्रीय मंत्री बोले- 12 साल में सिविल एविएशन का तेजी से विस्तार
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 सालों में देश के सिविल एविएशन सेक्टर का तेजी से विस्तार हुआ है. उन्होंने कहा कि पहले हवाई यात्रा को कुछ लोगों तक सीमित माना जाता था, लेकिन उड़ान योजना 'उड़े देश का आम नागरिक' के जरिए इसे आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया. उनके मुताबिक, उड़ान योजना के तहत देश में करीब 90 एयरपोर्ट विकसित किए गए हैं. एयरक्राफ्ट के बेड़े और यात्रियों की संख्या में भी करीब दोगुनी वृद्धि हुई है.
नायडू ने मध्यप्रदेश की एविएशन पॉलिसी की तारीफ करते हुए कहा कि केंद्र सरकार विमानन क्षेत्र में एक कदम आगे बढ़ रही है, जबकि मध्यप्रदेश सरकार दो कदम आगे बढ़ रही है. उन्होंने इसे डबल इंजन सरकार की ताकत बताया.

2036 तक चलेगा मॉडिफाइड उड़ान कार्यक्रम
विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा ने बताया कि छोटे शहरों और दूरदराज के क्षेत्रों को हवाई सेवा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 जुलाई को मॉडिफाइड उड़ान योजना की शुरुआत की है, जो अगले 10 वर्षों तक चलेगी.
मध्यप्रदेश में एयरपोर्ट और एयरस्ट्रिप की उपलब्धता को देखते हुए नए शहरों की पहचान की जा रही है. केंद्र सरकार, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और राज्य सरकार मिलकर इन क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने का काम करेंगे.
विंध्य के लिए अहम कदम: राजेंद्र शुक्ल
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भोपाल-रीवा उड़ान को विंध्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि विंध्य में सीमेंट, बिजली, खनिज संपदा और पर्यटन की बड़ी संभावनाएं हैं. लंबे समय तक सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी की कमी के कारण क्षेत्र को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पाया. उन्होंने बताया कि रीवा एयरपोर्ट का 2023 में भूमिपूजन और 2024 में लोकार्पण हुआ था. एयरपोर्ट बनने के बाद एयरलाइंस को आकर्षित करने में राज्य की एविएशन पॉलिसी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

MP में पांच नए एयरपोर्ट को मंजूरी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी लगातार बढ़ाई जा रही है. उन्होंने बताया कि दतिया, सतना और रीवा में एयरपोर्ट शुरू हो चुके हैं, जबकि उज्जैन और शिवपुरी को मंजूरी मिल चुकी है. मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश के लिए पांच नए एयरपोर्ट को मंजूरी मिली है. उनका कहना है कि आने वाले समय में मध्यप्रदेश के कई और शहर हवाई नेटवर्क से जुड़ेंगे.

दो महीने बाद भोपाल से शारजाह उड़ान की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने भोपाल की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने बताया कि इंदौर से अबूधाबी की उड़ान शुरू हो चुकी है और भोपाल से भी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने की दिशा में काम चल रहा है. उन्होंने कहा कि करीब दो महीने बाद भोपाल से शारजाह की उड़ान शुरू होने की उम्मीद है. इसके शुरू होने से भोपाल के यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों पर निर्भरता कम हो सकती है.
आयुष्मान कार्ड पर एयर एंबुलेंस की सुविधा
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में एयर एंबुलेंस सुविधा का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि गंभीर मरीजों को आयुष्मान कार्ड के आधार पर एयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है. जहां हवाई पट्टी उपलब्ध है, वहां विमान और जहां हवाई पट्टी नहीं है, वहां हेलीकॉप्टर के जरिए मरीजों को एयरलिफ्ट किया जा सकता है. इसके अलावा उज्जैन, इंदौर और ओंकारेश्वर में हेलीकॉप्टर सेवाओं के संचालन की जानकारी भी दी गई.

