MP के सरकारी स्कूलों में अब छात्रों की भी लगेगी ऑनलाइन अटेंडेंस, कक्षा 9वीं से 12वीं तक नई व्यवस्था

मध्यप्रदेश में भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता की सीधी हवाई सेवाएं शुरू हुईं। रीवा-भोपाल किराया ₹2700 से शुरू होगा। भोपाल-शारजाह उड़ान को लेकर भी बड़ा अपडेट।

MP के सरकारी स्कूलों में अब छात्रों की भी लगेगी ऑनलाइन अटेंडेंस, कक्षा 9वीं से 12वीं तक नई व्यवस्था

भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब सिर्फ शिक्षकों की ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की उपस्थिति भी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों की डिजिटल अटेंडेंस को लेकर सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। इसके लिए एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर नई व्यवस्था तैयार की जा रही है।

विभाग का कहना है कि छात्रों की नियमित उपस्थिति पर नजर रखने और शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की जा रही है।

पोर्टल पर दिखेगी पूरी कक्षा की सूची

नई व्यवस्था के तहत एजुकेशन पोर्टल 3.0 में Student Management सेक्शन के अंदर Student Attendance का विकल्प उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें शिक्षक को संबंधित कक्षा और सेक्शन के सभी विद्यार्थियों के नाम दिखाई देंगे।

शिक्षक को छात्र की वास्तविक स्थिति के आधार पर रोजाना उसकी उपस्थिति दर्ज करनी होगी। सिस्टम में विद्यार्थियों के लिए तीन विकल्प होंगे- Present, Absent और On Leave।

शुरुआत में सभी छात्र Present दिखेंगे

ऑनलाइन अटेंडेंस सिस्टम में शुरुआत में सभी विद्यार्थियों की स्थिति Present दिखाई देगी। यदि कोई छात्र स्कूल में मौजूद नहीं है तो शिक्षक को उसके नाम के सामने Absent का विकल्प चुनना होगा। वहीं, छुट्टी पर रहने वाले छात्र के लिए On Leave विकल्प चुना जाएगा।

सभी विद्यार्थियों की स्थिति दर्ज करने के बाद शिक्षक को डेटा सेव करना होगा।

कक्षा शिक्षक की होगी जिम्मेदारी

कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रत्येक सेक्शन के विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की जिम्मेदारी संबंधित कक्षा शिक्षक की होगी। अटेंडेंस स्कूल के संस्था लॉगिन के माध्यम से एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर दर्ज की जाएगी।

स्कूल स्तर पर कक्षा और सेक्शन के हिसाब से विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड तैयार होगा।

कम उपस्थिति वाले छात्रों पर रहेगी नजर

ऑनलाइन अटेंडेंस का मकसद सिर्फ रोजाना हाजिरी दर्ज करना नहीं है। विभाग विद्यार्थियों की उपस्थिति का नियमित विश्लेषण भी करेगा।

जिन छात्रों की उपस्थिति लगातार कम पाई जाएगी, उनकी पहचान की जाएगी। ऐसे विद्यार्थियों के लिए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कक्षाएं और शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराने की योजना बनाई जाएगी।

लगातार गैरहाजिर रहने पर अभिभावकों से संपर्क

अगर कोई विद्यार्थी लगातार स्कूल से अनुपस्थित रहता है तो उसके अभिभावकों से भी संपर्क किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य ऐसे छात्रों को नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रेरित करना है, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

ऑनलाइन रिकॉर्ड के जरिए स्कूल से लेकर विभागीय स्तर तक विद्यार्थियों की उपस्थिति पर नजर रखी जा सकेगी।

शिक्षकों की ई-अटेंडेंस के बीच छात्रों की भी डिजिटल हाजिरी

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में शिक्षकों की ई-अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर शिक्षक संगठनों की ओर से विरोध और आपत्तियां सामने आती रही हैं। इसी बीच अब विद्यार्थियों की उपस्थिति को भी डिजिटल सिस्टम से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।

विभाग का तर्क है कि छात्रों की नियमित उपस्थिति सीधे तौर पर उनकी पढ़ाई और शिक्षा की गुणवत्ता से जुड़ी है। ऑनलाइन निगरानी से कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों की समय रहते पहचान कर उन पर ध्यान दिया जा सकेगा।