मैहर के पास NH-30 पर दर्दनाक हादसा, डिवाइडर से टकराकर खाई में गिरी जीप, 2 की मौत 9 घायल
मैहर के पास नेशनल हाईवे-30 पर तेज रफ्तार जीप डिवाइडर से टकराकर पलट गई और खाई में जा गिरी, जिससे चालक समेत 8 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। हादसे में 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है।
रिपोर्टर- अमित उपाध्याय
सतना: नेशनल हाईवे-30 के बेला-मैहर मार्ग पर गुरुवार रात एक तेज रफ्तार जीप डिवाइडर से टकराकर पलट गई। रफ्तार अधिक होने के कारण जीप कई मीटर तक घिसटती चली गई। इसके बाद जीप सड़क से नीचे उतरकर खाई में जा गिरी। हादसे में जीप चालक समेत 8 वर्षीय बालिका की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस की मदद से सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया गया।

दर्शन के बाद जाना था स्टेशन
इस संबंध में टीआई मैहर अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि अमरपाटन के विवेक नगर निवासी पटेल परिवार के सदस्य सचेत पटेल को रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए परिजन जीप में सवार होकर अमरपाटन से मैहर के लिए रवाना हुए थे। उनका इरादा था कि समय से पहुंचने पर स्टेशन जाने से पहले इच्छापूर्ति मंदिर में दर्शन करेंगे।
रास्ते में पहाड़ी गांव के पास तेज रफ्तार जीप का नियंत्रण चालक से हट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर से टकराकर पलट गया। रफ्तार अधिक होने के कारण जीप करीब 80 फीट तक घिसटती चली गई। इसके बाद वह सड़क के नीचे खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त जीप में फंसे घायलों को बाहर निकालकर पुलिस वाहन और एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया गया।

महिला की हालत गंभीर
मैहर कोतवाली पुलिस के अनुसार हादसे में रीतू पटेल पत्नी भूपेंद्र पटेल (25) निवासी इटमा, हिमांशु पटेल पिता मुन्नालाल पटेल (19) निवासी अमरपाटन, अमित दाहिया, दिन्नू दाहिया, सुभद्रा पटेल, कल्पना पटेल पत्नी उमेश पटेल, सचेत पटेल पिता प्रभुदयाल पटेल तथा 2 वर्षीय एक बालिका घायल हुई हैं। सभी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल मैहर लाया गया है। एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है।


