इंदौर में पानी की चोरी पर CCTV का पहरा, हाइड्रेंट और ओवरहेड टैंकों की होगी 24 घंटे निगरानी
इंदौर नगर निगम ने बढ़ती गर्मी और जल संकट के बीच पानी की चोरी और दुरुपयोग रोकने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब शहर के सभी हाइड्रेंट और ओवरहेड टैंकों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। निगम को शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ निजी टैंकर अवैध रूप से निगम के हाइड्रेंट से पानी भर रहे हैं।
इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में बढ़ती गर्मी और गहराते जल संकट के बीच नगर निगम ने पानी की बर्बादी और अवैध सप्लाई को रोकने के लिए एक बड़ा और हाईटेक कदम उठाया है। शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और पानी की चोरी पर अंकुश लगाने के लिए अब सभी हाइड्रेंट और ओवरहेड टैंकों पर सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाए जाएंगे। इस नई व्यवस्था से निगम प्रशासन पानी की हर बूंद पर 24 घंटे रियल टाइम निगरानी रख सकेगा।
निजी टैंकरों द्वारा पानी की चोरी पर लगेगा अंकुश
दरअसल, नगर निगम को लगातार यह शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ निजी टैंकर चालक निगम के हाइड्रेंट और टैंकों से अवैध रूप से पानी भर रहे हैं और उसका व्यावसायिक उपयोग (मोटे दामों पर बेचना) कर रहे हैं। इस कालाबाजारी के कारण जरूरतमंद इलाकों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा था। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निगम प्रशासन ने अब सीधे जल स्रोतों पर ही कैमरों का पहरा बैठाने का निर्णय लिया है।
GPS के बाद अब कैमरों का 'डबल लॉक'
बता दें कि पानी के सुचारू वितरण के लिए नगर निगम पहले ही कड़े कदम उठा चुका है। गर्मियों में संचालित होने वाले सभी सरकारी और अनुबंधित पानी के टैंकरों में पहले ही जीपीएस (GPS) सिस्टम अनिवार्य किया जा चुका है, ताकि उनकी लोकेशन और रूट पर नजर रखी जा सके। अब सीसीटीवी कैमरे लग जाने से यह भी पूरी तरह रिकॉर्ड होगा कि किस हाइड्रेंट से किस समय, कौन सा टैंकर पानी भर रहा है।
क्या बोले जलकार्य समिति प्रभारी?
शहर में पानी की चोरी, दुरुपयोग और किसी भी प्रकार की अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पहले हमने टैंकरों पर जीपीएस लगाकर उनकी गतिविधियों को ट्रैक किया, और अब हाइड्रेंट व ओवरहेड टैंकों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर पानी के स्रोतों की निगरानी की जाएगी। इस कदम से पानी का दुरुपयोग रुकेगा और हम जरूरतमंद क्षेत्रों तक सुचारू रूप से जल आपूर्ति सुनिश्चित कर सकेंगे- बबलू शर्मा, जलकार्य समिति प्रभारी, नगर निगम इंदौर

