Mauganj Bus Fire : मऊगंज में यात्री बस में लगी भीषण आग, बिजली ऑफिस देवतालाब के पास घटी घटना

Mauganj Bus Fire : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में मरम्मत के दौरान वेल्डिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारी निकली और उसने देखते ही देखते भीषण आग का रूप ले लिया।

Mauganj Bus Fire : मऊगंज में यात्री बस में लगी भीषण आग, बिजली ऑफिस देवतालाब के पास घटी घटना

राजेंद्र पयासी @ मऊगंज

जिले के देवतालाब थाना क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिजली ऑफिस के समीप खड़ी तमरी से मनिकवार मार्ग पर संचालित प्रताप ट्रेवल्स की यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और  बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस से उठती ऊँची-ऊँची लपटों और काले धुएँ के गुबार को देखकर मौके पर हड़कंप मच गया और आसपास अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में मरम्मत के दौरान वेल्डिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारी निकली और उसने देखते ही देखते भीषण आग का रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक-परिचालक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कुछ ही मिनटों में बस की अधिकांश सीटें जलकर खाक हो गईं और बस का ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे राहत भरी बात यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय बस में एक भी यात्री सवार नहीं था। बस में केवल चालक और परिचालक ही मौजूद थे, जिन्होंने आग की लपटें उठते ही सूझबूझ और फुर्ती दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई। इस कारण इस भीषण अग्निकांड में किसी के हताहत होने या जनहानि की कोई सूचना नहीं है, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही लौर थाना पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस ने आसपास की भीड़ को नियंत्रित कर सुरक्षित दूरी बनाई और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को ही आग का कारण माना है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।