मऊगंज के नवागत कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने देवतालाब शिव मंदिर में टेका माथा, अष्टभुजा धाम में की पूजा

मऊगंज के नवागत कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने देवतालाब शिव मंदिर और मां अष्टभुजा धाम में पूजा की. नवरात्रि मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए.

मऊगंज के नवागत कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने देवतालाब शिव मंदिर में टेका माथा, अष्टभुजा धाम में की पूजा

राजेंद्र पयासी @ मऊगंज

जिले के नवागत कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने रविवार को देवतालाब स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर और नईगढ़ी के मां अष्टभुजा धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने जिले की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के बाद कलेक्टर ने शारदीय नवरात्रि मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

देवतालाब शिव मंदिर में किया जलाभिषेक

नवागत कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे सबसे पहले देवतालाब स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे नईगढ़ी स्थित शक्तिपीठ मां अष्टभुजा मंदिर पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां जगत जननी की विधिवत पूजा की।

नवरात्रि मेले की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

दर्शन-पूजन के बाद कलेक्टर ने मंदिर परिसर में लगे शारदीय नवरात्रि मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की गई बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वास्थ्य शिविर और पार्किंग की स्थिति देखी।

कलेक्टर ने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

महाष्टमी-नवमी पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के निर्देश

कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने कहा कि महाष्टमी और नवमी के अवसर पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि दर्शन के दौरान अव्यवस्था की स्थिति न बने।

उन्होंने महिलाओं और बुजुर्गों के लिए विशेष सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही मंदिर परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान एसडीएम, तहसीलदार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवरात्रि मेले के दौरान व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर सकें।