मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी का रिपोर्ट कार्ड: 12 लाख रोजगार का दावा, हर साल 20% पर्यटन वृद्धि का लक्ष्य

मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार के दो साल पूरा होने के बाद मंत्रियों के रिपोर्ट कार्ड पेश करने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को पर्यटन, संस्कृति और धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने अपने विभाग की उपलब्धि गिनाईं और आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी दी।

मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी का रिपोर्ट कार्ड: 12 लाख रोजगार का दावा, हर साल 20% पर्यटन वृद्धि का लक्ष्य
Dharmendra Lodhi Report Card

भोपाल। मध्यप्रदेश में डॉ. मोहन यादव सरकार के 2 साल पूरे होने के बाद मंत्रियों के रिपोर्ट कार्ड पेश करने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में 23 दिसंबर मंगलवार को पर्यटन, संस्कृति और धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने राजधानी भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने कार्यों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखा। मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने अपने विभागों की दो साल की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही भविष्य की कार्ययोजना के बारे में भी जानकारी दी। 

मंत्री ने दावा किया कि बीते 2 सालों में पर्यटन क्षेत्र के माध्यम से राज्य में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 12 लाख से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं और आने वाले वर्षों में हर साल 20 प्रतिशत पर्यटक वृद्धि का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मध्यप्रदेश “अतुल्य भारत का हृदय प्रदेश” है और सरकार विकसित मध्यप्रदेश के विजन के साथ नवाचार और अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। पर्यटन, संस्कृति और धर्मस्व—तीनों विभागों ने मिलकर राज्य की अर्थव्यवस्था, रोजगार और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत किया है।

पर्यटन क्षेत्र में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

पर्यटन मंत्री ने बताया कि 2024-25 में 14 करोड़ पर्यटक मध्यप्रदेश पहुंचे, जबकि 2023-24 में यह संख्या 11 करोड़ 21 लाख थी। वहीं, 400 होम स्टे संचालित किए जा रहे हैं। इनके जरिए ग्रामीण 7 करोड़ रुपए कमा चुके हैं।इससे स्पष्ट है कि राज्य में पर्यटन के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि पर्यटन क्षेत्र में 511 हेक्टेयर क्षेत्र में निवेश आया है, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। इसके साथ ही रीवा और ग्वालियर में रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया, जहां से लगभग 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। पर्यटन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभाग को पिछले 2 साल में 18 से अधिक पुरस्कारों और सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। 

प्रदेश में 900 करोड़ रुपए से 20 सांस्कृतिक और धार्मिक लोकों का निर्माण हो रहा है। वैश्विक पटल पर 10 यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों और भोपाल, इंदौर और महेश्वर को 'क्रिएटिव सिटी' के रूप में विकसित करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में हर वर्ष पर्यटकों की संख्या में 20 प्रतिशत की वृद्धि हो।

नई पर्यटन नीति 2025

मंत्री लोधी ने बताया कि निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने नई पर्यटन नीति 2025 लागू की है। इस नीति के तहत पहले जहां निवेशकों को 25 से 30 प्रकार की अनुमतियां लेनी पड़ती थीं, अब उन्हें घटाकर 8 से 10 अनुमतियां कर दिया गया है।

इसके साथ ही सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया गया है, जिससे निवेशकों को सभी अनुमतियां एक ही स्थान पर मिल सकें। नई नीति के तहत अब तक पर्यटन विभाग को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जो नीति की सफलता को दर्शाता है।

ग्लोबल मंच पर मध्यप्रदेश

मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने बताया कि भोपाल में आयोजित मध्यप्रदेश ट्रेवल मार्ट में देशभर के स्टेकहोल्डर्स के साथ-साथ 28 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान 7 हजार से अधिक B-2-B बैठकों का आयोजन हुआ और 3,565 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव सामने आए। इसके अलावा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में पर्यटन से संबंधित 6 एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

धार्मिक पर्यटन और धर्मस्व विभाग की पहल

धर्मस्व विभाग की उपलब्धियों पर बात करते हुए मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत वर्ष 2024-25 में 20 ट्रेनों का संचालन किया गया, जिससे 16 हजार तीर्थयात्री लाभान्वित हुए। इसके अलावा 25 विमानों के माध्यम से 800 यात्रियों को तीर्थ यात्रा कराई गई।

राज्य में 132 मंदिरों के जीर्णोद्धार के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। मंदिरों के पुजारियों के लिए सरकार द्वारा लगभग 32 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश आज राममय, कृष्णमय और शिवमय बन रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है।

संस्कृति, फिल्म और नवाचार

संस्कृति विभाग की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि सरकार ने नई फिल्म नीति 2025 लागू की है। पहले केवल फीचर फिल्मों को अनुदान दिया जाता था, लेकिन अब शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री सहित सभी प्रकार की फिल्मों को अनुदान मिलेगा। इसके चलते मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है और राज्य फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनकर उभरा है।

इसके साथ ही दुनिया को विक्रमादित्य वैदिक घड़ी की सौगात दी गई है, जो भारतीय कालगणना और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करती है।

मंत्री ने साझा की भविष्य की योजनाएं

मंत्री लोधी ने बताया कि सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए 18 गांवों को पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा पचमढ़ी को ग्रीन डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में पहल की जा रही है। जल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 41 गतिविधियों को लाइसेंस प्रदान किए गए हैं।

पर्यटन स्थलों को वायु सेवा से जोड़ने के लिए पीएम श्री हेली सेवा और पीएमसी वायु सेवा शुरू की गई है, जिससे उन स्थानों को भी कनेक्टिविटी मिली है जहां पहले विमान सेवा उपलब्ध नहीं थी। एक वर्ष में 10 हजार से अधिक लोगों ने इन सेवाओं का लाभ उठाया है।

प्रेस वार्ता के अंत में मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य मध्यप्रदेश को रोजगार, निवेश, पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है और इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।