जबलपुर सड़क हादसा: CM डॉ. मोहन यादव ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 6-6 लाख की सहायता का ऐलान
मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है।
भोपाल: मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि जबलपुर जिले में गौर नदी के पास सड़क निर्माण कार्य में लगे NHAI के श्रमिकों की इस हादसे में जान चली गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये और सामान्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसके अलावा संबंधित कार्य एजेंसी को निर्देश दिए गए हैं कि वह मृतकों के परिवारों को 6-6 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये और सामान्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता दे। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
जबलपुर जिले के गौर नदी के पास सड़क दुर्घटना में NHAI के सड़क निर्माण के श्रमिकों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) January 19, 2026
दुःख की इस घड़ी में मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख, गंभीर घायलों को ₹1-1 लाख तथा साधारण घायलों को ₹50-50 हजार की सहायता राशि स्वीकृत की है। कार्य एजेंसी को…
हादसे के बाद बरेला हाईवे रोड पर भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने शवों को रखकर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया और मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा तथा सरकारी नौकरी देने की मांग की। प्रशासन और परिजनों के बीच बातचीत के बाद 15-15 लाख रुपये की सहायता पर सहमति बनी, जिसके बाद करीब 6 घंटे बाद जाम खुल सका।
इससे पहले NHAI ने भी मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया था। जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार दोपहर हुआ, जब हाइवे पर ग्रिल की पेंटिंग का काम कर रहे मजदूर सड़क किनारे बैठकर भोजन कर रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। इस भीषण हादसे में 16 मजदूर चपेट में आ गए, जिनमें से 5 की मौत हो गई, जबकि 11 मजदूर घायल हैं और उनका इलाज जारी है। सभी मजदूर मंडला जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
pushpendra 
