IPL 2026: लखनऊ ने बेंगलुरु का टेबल टॉप का सपना तोड़ा, आज दिल्ली-कोलकाता में प्लेऑफ की जंग
IPL 2026 में लखनऊ ने बेंगलुरु को 9 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया। आज दिल्ली और कोलकाता के बीच अहम मुकाबला है, जो प्लेऑफ रेस के लिए बेहद जरूरी है। साथ ही केएल राहुल के पास ऑरेंज कैप हासिल करने का मौका है।
IPL 2026 में लखनऊ ने बड़ा खेल कर दिया। पॉइंट टेबल पर सबसे नीचे चल रही लखनऊ सुपर जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 9 रन से हराकर टेबल टॉपर बनने से रोक दिया। हार के बाद भी बेंगलुरु तीसरे नंबर पर बनी हुई है। अब सबकी नजर आज केएल राहुल पर रहेगी, जिनके पास ऑरेंज कैप हासिल करने का मौका है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की लगातार दूसरी हार
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शानदार शुरुआत के बाद अब टीम लगातार दूसरी हार से दबाव में आ गई है। 10 मैचों में 12 अंकों के साथ बेंगलुरु तीसरे स्थान पर जरूर बनी हुई है, लेकिन प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए उसे बाकी 4 मुकाबलों में कम से कम 2 मैच जीतना जरूरी। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स ने सीजन की तीसरी जीत हासिल कर उम्मीदें जिंदा रखी हैं। 10 मैचों में सिर्फ 6 अंक होने के कारण टीम आखिरी स्थान पर है और अब वह बाकी सभी मैच जीतकर अधिकतम 14 अंकों तक ही पहुंच सकती है।

दिल्ली कैपिटल्स vs कोलकाता नाइट राइडर्स
आज दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7:30 बजे एक अहम मुकाबला खेला जाएगा। दिल्ली 10 मैचों में 8 अंकों के साथ सातवें स्थान पर है और उसे टूर्नामेंट में बने रहने के लिए बाकी सभी मुकाबले जीतने होंगे। वहीं, आठवें नंबर की कोलकाता के सामने भी लगभग यही स्थिति है, जहां प्लेऑफ में पहुंचने के लिए टीम को अपने बाकी पांचों मैच जीतना जरूरी है।

केएल राहुल के लिए आज का मैच खास
आज का मुकाबला केएल राहुल के लिए बेहद खास रहने वाला है। अगर वह अर्धशतक जमाने में सफल रहते हैं, तो ऑरेंज कैप की दौड़ में सबसे आगे निकल सकते हैं। फिलहाल यह कैप हेनरिक क्लासेन के पास है, जिन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 11 मैचों में 494 रन बनाए हैं। क्लासन के बाद अभिषेक शर्मा 475 रन के साथ दूसरे और राहुल 445 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
Varsha Shrivastava 
