सराफा कारोबारी के घर 1.5 करोड़ की चोरी: छत के रास्ते घुसे चोर, सिर्फ जेवरों वाले कमरे को बनाया निशाना

सतना के बिरसिंहपुर कस्बे में घर सूना मिला तो चोरों ने कर दिया हाथ साफ: सराफा कारोबारी के घर से 1.50 करोड़ के सोने-चांदी के जेवरात पार, जांच में जुटी पुलिस

सराफा कारोबारी के घर 1.5 करोड़ की चोरी: छत के रास्ते घुसे चोर, सिर्फ जेवरों वाले कमरे को बनाया निशाना

सतना। दीपावली और धनतेरस के त्योहार के लिए सराफा कारोबारी ने सोने- चांदी के तरह-तरह के जेवरात तैयार कराकर बिक्री के लिए रखे थे, लेकिन एक दिन के लिए घर सूना पाकर चोरों ने सराफा कारोबारी के घर से तकरीबन करोड़ों के जेवरात पार कर दिए।

1.5 करोड़ रुपये की चोरी की सूचना मिलते ही ASP, साइबर टीम, फिंगर प्रिंट टीम और डॉग टीम मौके पर जांच करने पहुंची। पुलिस के द्वारा आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच कर साक्ष्य संकलन किया जा रहा है।

दरवाजा बंद मिला तो दुकान में सोए

जानकारी के अनुसार, सभापुर थानान्तर्गत बिरसिंहपुर निवासी दीपू सोनी की कस्बे में दीप ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। पीछे रिहायशी मकान है, जहां दीपू परिवार समेत रहता है। बताया गया कि 4 नवंबर की सुबह 10 बजे पत्नी का इलाज कराने दीपू जबलपुर गया हुआ था। घर पर वृद्ध माता- पिता व मानसिक रूप से दिव्यांग बुआ मौजूद थी।

जबलपुर से पत्नी को लेकर गुरूवार, 5 नवंबर की शाम दीपू बिरसिंहपुर पहुंचा। पहली मंजिल पर बने रिहायशी आवास में अंदर जाने के लिए कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर दीपू ने दुकान में साफ-सफाई का काम किया और वहीं सो गया।

शुक्रवार की सुबह कर्मचारी के साथ ऊपर जाने के लिए दरवाजा खोलने की कोशिश की लेकिन खुला नहीं, तब एक कर्मचारी पड़ोसी की छत पर गया जहां से उसे घर का पिछला दरवाजा आधा खुला दिखा।

दीवान और आलमारी की तलाशी

घर में घुसे चोरों ने किसी अन्य आलमारी और पेटी को हाथ नहीं लगाया। सिर्फ उसी कमरे में प्रवेश किया जहां पर कीमती जेवर रखे हुए थे। इस कमरे में रखे दीवान और आलमारी को खोलकर चोरों ने सोने- चांदी के जेवरात पार कर दिए।

कमरे का सारा सामान व्यवस्थित मिला। किसी भी कमरे में आलमारी और वहां पर रखी पेटी में तोड़फोड़ नहीं की गई। सराफा कारोबारी के अनुसार चोरी गए जेवरातों की कीमत 1 करोड़ 50 हजार रुपए के करीब है।

जांच करने पहुंचे एएसपी

सराफा कारोबारी के यहां डेढ़ करोड़ की चोरी की जानकारी लगते ही एएसपी देहात प्रेमलाल कुर्वे, सभापुर थाना प्रभारी शंखधर द्विवेदी, साइबर सेल प्रभारी और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट अजीत सिंह सेंगर सहित डॉग स्क्वायड टीम के साथ बिरसिंहपुर पहुंचे।

पुलिस और साइबर टीम ने आसपास जांच कर साक्ष्य जुटाए। सभापुर पुलिस ने बताया कि चोर छत के रास्ते घर के अंदर घुसे। संभवत: वे घर के अंदर की भौगोलिक स्थिति से वाकिफ थे। दुकान के अलावा आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की जांच कर साक्ष्य संकलन किया जा रहा है।