भोपाल में हिंदू नव वर्ष पर लगेगा भव्य मेला, एक माह तक होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम

हिंदू नव वर्ष के अवसर पर इस बार राजधानी में भव्य नव वर्ष मेला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है.

भोपाल में हिंदू नव वर्ष पर लगेगा भव्य मेला, एक माह तक होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम

हिंदू नव वर्ष के अवसर पर इस बार राजधानी में भव्य नव वर्ष मेला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महानगर मेला उत्सव समिति के बैनर तले 19 मार्च से टी.टी. नगर स्थित दशहरा मैदान में एक माह तक चलने वाला विशाल मेला आयोजित होगा। इस आयोजन में धर्म, संस्कृति, शिक्षा, रोजगार और व्यापार का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

महोत्सव की थीम प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के संदेश “एक लोटा जल, हर समस्या का हल” पर आधारित है। हिंदू नव वर्ष की शुरुआत चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से होगी। शुभारंभ के अवसर पर बटुकों द्वारा स्वस्तिवाचन किया जाएगा तथा पंडित प्रदीप मिश्रा के सान्निध्य में शिवलिंग स्थापना कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ होगा।

पूरे मेले के दौरान प्रतिदिन मां दुर्गा की पूजा और संध्या आरती आयोजित की जाएगी। साथ ही महिषासुर मर्दिनी का सामूहिक पाठ भी किया जाएगा। प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को सुंदरकांड का सामूहिक पाठ होगा, जबकि राम नवमी पर विशेष हवन-पूजन और राम नाम जाप का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में विभिन्न धर्माचार्य और कथावाचक भी शामिल होंगे, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश देंगे।

मेले में खरीदारी और खानपान की व्यापक व्यवस्था रहेगी। ऑटोमोबाइल, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स, रियल एस्टेट, बैंकिंग, वस्त्र, कॉस्मेटिक और फूड स्टॉल आकर्षण का केंद्र होंगे। बच्चों के लिए एडवेंचर गेम्स और देश-विदेश से आए बड़े झूले विशेष आकर्षण रहेंगे।

आयोजन स्थल पर पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में भाग लेने वाले लोगों को ई-सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे। क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल बुकलेट, कार्यक्रम की जानकारी और लाइव अपडेट उपलब्ध रहेंगे। साथ ही नव वर्ष सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जाएगा, जहां लोग अपनी यादगार तस्वीरें ले सकेंगे।

राजधानी में होने वाला यह नव वर्ष मेला महोत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक सुविधाओं का संगम बनकर लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।