स्कूल में शिक्षक की दबंगई: मासूम बच्ची को उठाकर फेंका, जान से मारने की भी दी धमकी
वीडियो डिलीट नहीं किया तो बच्ची को उठाकर फेंका, विदिशा के प्राचार्य पर गंभीर आरोप, जांच के आदेश
विदिशा। जिले से एक शिक्षक की हैरान कर देने वाली हरकत सामने आई है। स्कूल परिसर में खेल रही एक मासूम बच्ची को शिक्षक द्वारा उठाकर फेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। आरोप है कि बच्ची के साथ इस तरह की हरकत करने के बाद शिक्षक ने उसे जान से मारने तक की धमकी दी। घटना के दौरान ग्रामीणों ने बच्ची को बचाया। मामला जिला शिक्षा अधिकारी तक पहुंचा तो उन्होंने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं शिक्षक की दिव्यांगता से जुड़े प्रमाण पत्र की भी जांच कराए जाने की बात कही जा रही है।

वीडियो डिलीट करने से इनकार पर विवाद
पूरा मामला विदिशा जिले की हैदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम धामनोद स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है। यहां संकुल प्राचार्य के पद पर पदस्थ कमल सिंह मीणा पर गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि गांव के युवक खुमान सिंह के पास प्राचार्य से जुड़ा एक वीडियो था, जिसे हटाने के लिए कथित तौर पर उस पर दबाव बनाया जा रहा था। युवक के वीडियो डिलीट करने से इनकार करने पर विवाद इतना बढ़ गया कि प्राचार्य ने स्कूल परिसर में खेल रही एक छोटी बच्ची को कथित तौर पर उठाकर फेंक दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें शिक्षक बच्ची को लेकर धमकी भरे अंदाज में बात करता दिखाई दे रहा है।

प्राचार्य द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी
ग्रामीण युवक खुमान सिंह का आरोप है कि स्कूल की 12वीं कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा को शासन की योजना के तहत स्कूटी और लैपटॉप मिलना था। इसी योजना का लाभ जल्द दिलाने के नाम पर प्राचार्य द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। युवक ने कथित रिश्वत मांगने का वीडियो बना लिया था। इसके बाद से ही प्राचार्य उस पर वीडियो हटाने का दबाव बना रहे थे। युवक का कहना है कि प्राचार्य के व्यवहार से स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

इधर, मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग भी हरकत में आ गया है। जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित प्राचार्य के दिव्यांगता प्रमाण पत्र की भी जांच कराई जाएगी। विभाग का कहना है कि जांच में यदि प्रमाण पत्र या अन्य मामलों में अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

