एम्स भोपाल के प्रो. (डॉ.) सूर्य बाली को IAPSM की राष्ट्रीय फेलोशिप, सार्वजनिक स्वास्थ्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित
एम्स भोपाल के सामुदायिक एवं पारिवारिक चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर (डॉ.) सूर्य बाली को इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन (IAPSM) की राष्ट्रीय फेलोशिप से सम्मानित किया गया है।
एम्स भोपाल चिकित्सा सेवाओं, जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों और शोध कार्यों के माध्यम से आम नागरिकों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। इसी क्रम में संस्थान के सामुदायिक एवं पारिवारिक चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर (डॉ.) सूर्य बाली को सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व और महत्वपूर्ण योगदान के लिए इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन (IAPSM) की राष्ट्रीय फेलोशिप से सम्मानित किया गया है।
यह प्रतिष्ठित सम्मान सिलवासा (दमन और दीव) में आयोजित प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन के राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया। इस सम्मेलन में देशभर से सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ, चिकित्सक और शोधकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान जनस्वास्थ्य से जुड़ी नई चुनौतियों, उनके समाधान और भविष्य की रणनीतियों पर भी व्यापक चर्चा की गई।

इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन की राष्ट्रीय फेलोशिप इस क्षेत्र के वरिष्ठ विशेषज्ञों को दिया जाने वाला एक महत्वपूर्ण सम्मान माना जाता है। यह फेलोशिप उन विशेषज्ञों को प्रदान की जाती है जिन्होंने नेतृत्व, शोध, शिक्षण और समुदाय के साथ मिलकर काम करते हुए जनस्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया हो।
प्रो. (डॉ.) सूर्य बाली को वर्ष 2025–2026 के दौरान दो अन्य प्रतिष्ठित फेलोशिप भी प्राप्त हुई हैं। इनमें बेलगावी (कर्नाटक) में प्रदान की गई फेलोशिप ऑफ इंडियन पब्लिक हेल्थ एसोसिएशन तथा लंदन (यूनाइटेड किंगडम) स्थित कॉमनवेल्थ मेडिकल एसोसिएशन द्वारा प्रदान की गई फेलो ऑफ कॉमनवेल्थ मेडिकल एसोसिएशन शामिल हैं। ये सम्मान उनके सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे योगदान और नेतृत्व को दर्शाते हैं।
इससे पहले भी प्रो. बाली को कई महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय संस्थानों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें डिजिटल स्वास्थ्य और टेलीमेडिसिन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए टेलीमेडिसिन सोसायटी ऑफ इंडिया की फेलोशिप प्रदान की गई थी। इसके अलावा सामाजिक समानता, नेतृत्व विकास और समाज के लिए किए गए कार्यों के लिए उन्हें संयुक्त राज्य अमेरिका स्थित फोर्ड फाउंडेशन की फेलोशिप से भी सम्मानित किया गया है।

इन सभी उपलब्धियों के साथ प्रो. (डॉ.) सूर्य बाली भारत के पहले ऐसे व्यक्ति बन गए हैं जिन्हें सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ी ये पाँचों प्रतिष्ठित फेलोशिप प्राप्त हुई हैं। यह उपलब्धि उनके लंबे समय से किए जा रहे समर्पित कार्य, निरंतर प्रयास और जनस्वास्थ्य को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
प्रो. बाली को जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में एक प्रमुख विशेषज्ञ के रूप में जाना जाता है। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों को मजबूत बनाने, जनस्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा देने और शोध गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके साथ ही डिजिटल स्वास्थ्य और टेलीमेडिसिन के क्षेत्र में उनके प्रयासों ने तकनीक के माध्यम से दूर-दराज़ और वंचित क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में भी मदद की है।
Varsha Shrivastava 
