सांवलिया सेठ मंदिर में एक महीने में चढ़ावे का रिकॉर्ड 41.67 करोड़ आए
सांवलिया सेठ मंदिर में एक महीने में चढ़ावे का रिकॉर्ड 41.67 करोड़ आए श्रद्धालुओं ने 600g सोना, 84 kg से ज्यादा चांदी दान की
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के श्रीसांवलिया सेठ मंदिर को एक महीने में दान में मिली राशि ने नया रिकॉर्ड बनाया है। एक महीने (18 मार्च से 16 अप्रैल तक) में कुल 41 करोड़ 67 लाख 38 हजार 569 रुपए चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुए। एडीएम और मंदिर मंडल की सीईओ प्रभा गौतम ने बताया- 16 अप्रैल को चतुर्दशी के दिन भंडार खोला गया था। इसके बाद सात राउंड में गिनती की गई। इस दौरान मंदिर के भंडार से कुल 33 करोड़ 21 लाख 63 हजार 539 रुपए प्राप्त हुए।
भेंटकक्ष और ऑनलाइन माध्यम से 8 करोड़ 45 लाख 75 हजार 30 रुपए मिले। इनके अलावा करीब 1 करोड़ रुपए कीमत का सोना और करीब 2 करोड़ रुपए की चांदी की भेंट भी चढ़ावे में आई है। प्रभा गौतम ने बताया- इस महीने भंडार, भेंटकक्ष और ऑनलाइन माध्यम से कुल 41 करोड़ 67 लाख 38 हजार 569 रुपए की दान राशि प्राप्ति हुई है। यह एक महीने (29 दिन) में मिली अब तक की सबसे ज्यादा राशि है। इससे पहले, साल 2025 में अप्रैल में अमावस्या पर खोले गए भंडार से करीब 25 करोड़ रुपए चढ़ावे में मिले थे, जो एक महीने में सबसे ज्यादा थे।
सोना-चांदी का भी हुआ तौल
आखिरी राउंड की गिनती के दौरान 24 अप्रैल को कुल 660 ग्राम 500 मिलीग्राम सोना और 84 किलो 620 ग्राम चांदी का तौल हुआ। राजस्थान सर्राफा संघ के महामंत्री किशन पिछोलिया के अनुसार, इस सोने की कीमत करीब 1 करोड़ और चांदी की लगभग 2 करोड़ रुपए है। इसके अलावा काफी मात्रा में विदेशी मुद्रा और चेक भी प्राप्त हुए हैं, जिनकी प्रक्रिया अलग से अपनाई जा रही है।
साल 2025 में बना था 2 महीने की सर्वाधिक दान राशि का रिकॉर्ड
मंदिर प्रशासन का कहना है कि नवंबर, 2025 में दिवाली के बाद खोले गए भंडार के दौरान 51 करोड़ 27 लाख 30 हजार 112 रुपए चढ़ावा आया था। यह अब तक की सर्वाधिक दान राशि है। हालांकि यह दो महीने (21 सितंबर से 18 नवंबर तक) की दान राशि का रिकॉर्ड है।

