26 April 2026: इंदौर हाई कोर्ट से दुकानदारों को बड़ी राहत, छुट्टी के दिन हुई विशेष सुनवाई; पढ़ें आज की इंदौर की खबरें

इंदौर हाई कोर्ट ने लगाई शिवाजी मार्केट विस्थापन पर रोक। पुलिस ने रातभर सरप्राइज अभियान चलाकर की सैकड़ों बदमाशों पर कार्रवाई।

26 April 2026: इंदौर हाई कोर्ट से दुकानदारों को बड़ी राहत, छुट्टी के दिन हुई विशेष सुनवाई; पढ़ें आज की इंदौर की खबरें

दुकानदारों को बड़ी राहत, शिवाजी मार्केट विस्थापन पर लगी रोकवाई

इंदौर में शिवाजी मार्केट के दुकानदारों को बड़ी राहत मिली है। जिसमें हाई कोर्ट ने छुट्टी के दिन हुई विशेष सुनवाई में विस्थापन की कार्रवाई पर स्टे दे दिया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद फिलहाल दुकानदारों को हटाने की प्रक्रिया पर रोक लग गई है।

दरअसल, इंदौर नगर निगम मुख्यालय के सामने स्थित शिवाजी मार्केट को लेकर चल रहे विवाद में हाई कोर्ट ने अहम हस्तक्षेप किया है। न्यायमूर्ति प्रणय वर्मा की बेंच के समक्ष हुई सुनवाई में कोर्ट ने दुकानदारों के पक्ष में राहत देते हुए विस्थापन की कार्रवाई पर स्टे बरकरार रखने के निर्देश दिए। मार्केट एसोसिएशन की ओर से दायर याचिका में बताया गया था कि जनवरी में ही हाई कोर्ट ने स्पष्ट आदेश दिया था कि दुकानदारों को उनकी सहमति के बिना नहीं हटाया जाएगा। साथ ही यदि विस्थापन जरूरी हो तो नगर निगम और जिला प्रशासन को पूरी कानूनी प्रक्रिया अपनानी होगी।

इसके बावजूद हाल ही में बिना दुकानदारों की मर्जी के विस्थापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई और उन्हें अपील का पर्याप्त मौका भी नहीं दिया गया। इसी के खिलाफ अवकाश के दिन विशेष याचिका दायर की गई। जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने फिलहाल कार्रवाई पर रोक लगा दी है। अब इस मामले में अगली सुनवाई तक यथास्थिति बनी रहेगी, वहीं दुकानदारों ने कोर्ट के फैसले पर राहत की सांस ली है।

मासूम बच्ची को अवैध तरीके से गोद लेने और उसकी खरीद-फरोख्त का खुलासा

इंदौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मासूम बच्ची को अवैध तरीके से गोद लेने और उसकी खरीद-फरोख्त का खुलासा हुआ है। जिसमें श्योपुर पुलिस की जांच में इस पूरे नेटवर्क की परतें खुलती जा रही हैं। दरअसल, इंदौर के लसुड़िया थाना क्षेत्र में श्योपुर पुलिस की टीम ने पहुंचकर स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर जांच की। जिसमें कुछ समय पूर्व श्योपुर में दो से ढाई साल की एक बच्ची मिलने के बाद उसकी बैक-ट्रेसिंग की गई, जिसमें सामने आया कि बच्ची को अवैध रूप से इंदौर के जरिए लाया गया था।

जांच में श्योपुर के आकाश मूंदड़ा और कृतिका मूंदड़ा का नाम सामने आया था। जिन्होंने इंदौर के महालक्ष्मी नगर में रहने वाले नीतू और वैभव जैन के माध्यम से इस बच्ची को धार जिले से हासिल किया था। पुलिस के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया में किसी भी तरह की कानूनी गोद लेने की प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया और शुरुआती जांच में करीब एक लाख रुपये में बच्ची का सौदा होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल श्योपुर पुलिस ने इंदौर में जैन दंपत्ति से पूछताछ की है और इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह कोई बड़ा रैकेट तो नहीं।

पुलिस का मेगा एक्शन, रातभर चला अभियान, सैकड़ों बदमाशों पर कार्रवाई

इंदौर में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने बड़ा ऑपरेशन चलाया। जिसमें शहरभर में देर रात तक चले सरप्राइज चेकिंग अभियान में सैकड़ों संदिग्धों की जांच की गई। इस दौरान 300 से ज्यादा बदमाशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सख्त संदेश दिया है कि अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दरअसल, इंदौर में शनिवार शाम से शुरू हुए इस विशेष अभियान में पुलिस कमिश्नरेट की टीमों ने शहर के संवेदनशील इलाकों, हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में एक साथ दबिश दी। अभियान के दौरान 330 बदमाशों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

सड़क सुरक्षा पर फोकस करते हुए 153 शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों को पकड़कर उनके वाहन जब्त किए गए। इस दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और नशा करने वालों पर भी कार्रवाई की। वहीं, अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी में दर्जनों क्वार्टर जब्त किए गए। इसके साथ ही विभिन्न मामलों में 100 से ज्यादा वारंटों की तामील भी कराई गई। इस अभियान की खास बात रही ड्रोन पेट्रोलिंग, जिसके जरिए पुलिस ने हॉटस्पॉट इलाकों पर पैनी नजर रखी। वहीं, वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद सड़कों पर उतरकर पैदल गश्त की और बदमाशों को सख्त चेतावनी दी।

IPL सट्टेबाजों पर इंदौर पुलिस का बड़ा वार, ऑनलाइन नेटवर्क चलाने वाले आरोपी गिरफ्तार

इंदौर में आईपीएल के साथ ही सक्रिय हुए सट्टेबाजों पर इंदौर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। जिसमें लसुड़िया इलाके में चल रहे ऑनलाइन सट्टे के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी फ्लैट से बैठकर लाखों रुपये का दांव लगा रहे थे। दरअसल, लसुड़िया थाना क्षेत्र की गुलमोहर कॉलोनी में पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि एक फ्लैट से आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी कार में ही पकड़े गए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और मोबाइल एप के जरिए सट्टे का नेटवर्क चला रहे थे। उनके मोबाइल फोन से कई फर्जी आईडी और डिजिटल ट्रांजैक्शन के सबूत भी मिले हैं। वही मौके से एटीएम कार्ड और चेकबुक बरामद होने के बाद बड़े स्तर पर लेनदेन की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग कनेक्शन में कार्रवाई, धमकी केस में एक और आरोपी गिरफ्तार

इंदौर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े धमकी मामले में क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है, जिसमें पुलिस ने एक और आरोपी के साथी को गिरफ्तार किया है, जिसने पूछताछ में आरोपी ने बिल्डर को धमकी दिलाने में अपनी भूमिका भी कबूल की है। इंदौर क्राइम ब्रांच लगातार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े मामलों में कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने सोनू उर्फ रितेश खंगार नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम पहले से गिरफ्तार राजपाल चन्द्रावत से पूछताछ के दौरान सामने आया था।

बताया जा रहा है कि राजपाल को खरगोन से प्रोडक्शन वारंट पर इंदौर लाया गया था। जहां पूछताछ में उसने अपने साथी सोनू का खुलासा किया। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया, पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बिल्डर विवेक दम्मानी को धमकी देने वाले मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। वहीं आरोपी के खिलाफ पहले से ही मारपीट, हत्या के प्रयास, चाकूबाजी, बलवा और घर में घुसकर हमला करने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं, फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और इस मामले में आगे और गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

टक्कर के बाद दबंगई, बाइक सवार ने दंपत्ति से वसूले 3 हजार रुपये

इंदौर में सड़क पर दबंगई का मामला सामने आया है, जहां एक मामूली एक्सीडेंट के बाद बाइक सवार ने हंगामा करते हुए कार सवार दंपत्ति से जबरन पैसे वसूल लिए, पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल यह पूरा मामला एरोड्रम थाना क्षेत्र के छोटा बांगड़दा इलाके का है। जहां उज्जैन के नागदा से एक परिवार शादी के कार्ड बांटने इंदौर आया था। इसी दौरान उनकी कार से एक बाइक सवार की टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद बाइक सवार युवक ने गुस्से में आकर दंपत्ति के साथ अभद्रता शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उसने डंडा दिखाकर उन्हें धमकाया और जबरन करीब 3 हजार रुपये भी वसूल लिए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। जांच में आरोपी की पहचान मंगल शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी और वह घटना के समय काफी उत्तेजित था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहली मंजिल से गिरकर ढाई साल मासूम की मौत, घर में पसरा मातम

इंदौर में खेलते-खेलते एक ढाई साल की मासूम बच्ची की जान चली गई, दादा-दादी के घर आई बच्ची पहली मंजिल से नीचे गिर गई। इस हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। यह दिल दहला देने वाला हादसा द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के श्रीराम नगर में हुआ है। जहां पीथमपुर से अपने दादा-दादी के घर आई ढाई साल की मुस्कान खेलते-खेलते छत पर पहुंच गई। इसी दौरान वह रेलिंग के पास जाकर नीचे झांकने लगी। तभी अचानक संतुलन बिगड़ा और वह पहली मंजिल से सीधे नीचे गिर गई।

हादसे के बाद परिजन घबराकर उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। मासूम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता दो दिन की छुट्टी लेकर परिवार के साथ इंदौर आए थे। लेकिन खुशियों के बीच यह हादसा पूरे परिवार के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गया। फिलहाल द्वारकापुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिसमें माता पिता और दादा दादी के बयान दर्ज करने के साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है।