Delhi March : कांग्रेस का दिल्ली पैदल मार्च 1 नवंबर को, जीतू पटवारी बोले- इंदौर के हर वार्ड से पहुंचे कार्यकर्ता
Delhi March : इंदौर में कांग्रेस की बैठक में जीतू पटवारी ने 1 नवंबर के दिल्ली मार्च के लिए हर वार्ड से कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य दिया। बैठक में भाजपा सरकार को लेकर भी आरोप लगाए।
Delhi March : इंदौर। वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे के साथ कांग्रेस 1 नवंबर को दिल्ली में बड़ा पैदल मार्च निकालने जा रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाले इस आंदोलन में मध्य प्रदेश से अधिक से अधिक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी (Jitu Patwari) लगातार बैठकें कर रहे हैं। बुधवार को इंदौर के गांधी भवन में शहर और जिला कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। इसमें जीतू पटवारी ने हर वार्ड से दो बड़ी गाड़ियों में कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने का लक्ष्य दिया। वहीं, बैठक के दौरान जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री के बीच कथित अंदरूनी खींचतान को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए।
पैदल मार्च को लेकर तैयारियां तेज
दरअसल दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाले कांग्रेस के पैदल मार्च को लेकर मध्य प्रदेश में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में बुधवार को इंदौर के गांधी भवन में शहर और जिला कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री बाला बच्चन, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य नसीम खान और ऑल इंडिया कांग्रेस की सह प्रभारी उषा नायडू सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं को आंदोलन में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इंदौर शहर और जिले के प्रत्येक वार्ड से दो बड़ी गाड़ियों में कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने का लक्ष्य रखा। कांग्रेस का कहना है कि वोट चोरी के मुद्दे पर दिल्ली में होने वाले आंदोलन में मध्य प्रदेश से बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता और आमजन शामिल होंगे।
CM और विजयवर्गीय के बीच अंदरूनी खींचतान
वहीं इसी बैठक के दौरान जीतू पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बीच कथित अंदरूनी खींचतान का आरोप लगाया। पटवारी ने दावा किया कि दोनों नेताओं के बीच रोज विवाद और गाली-गलौज की स्थिति बन रही है, लेकिन यह जनता के सामने दिखाई नहीं देती।
उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेता एक-दूसरे को पद से हटाने की तैयारी में जुटे हैं। पटवारी ने कहा कि इंदौर में मुख्यमंत्री खुद प्रभारी मंत्री हैं और नगरीय प्रशासन मंत्री की भी अहम भूमिका है, इसके बावजूद दोनों के बीच अंदरूनी संघर्ष चल रहा है। हालांकि, ये आरोप जीतू पटवारी ने लगाए हैं।

