रामनगर नगर परिषद अध्यक्ष के पति और ससुर पर FIR, गाली और धमकी वाला ऑडियो वायरल

कुर्मी समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में अध्यक्ष नगर परिषद अध्यक्ष पति और ससुर पर केस दर्ज, वायरल ऑडियो में अध्यक्ष दंपत्ति पर अभद्र भाषा और धमकी के आरोप

रामनगर नगर परिषद अध्यक्ष के पति और ससुर पर FIR, गाली और धमकी वाला ऑडियो वायरल

सतना। मैहर जिले के रामनगर नगर परिषद की अध्यक्ष के पति और ससुर के खिलाफ रामनगर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों के विरुद्ध अपराध क्र. 279/26 धारा 296 बी, 352, 3 (5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। इस संबंध में नगर परिषद रामनगर के पूर्व अध्यक्ष राम सुशील पटेल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 23 जून को सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल हुआ था। जिसमें नगर परिषद अध्यक्ष दीपा मिश्रा और कैलाश मिश्रा की राजा पटेल से बात हो रही थी। इसी में दीपा मिश्रा और कैलाश मिश्रा ने पूरे कुर्मी समाज को गाली-गलौज कर अपशब्द कहे हैं।

वायरल ऑडियो में कहा गया कि कुर्मियों की छाती पर लात रखकर राजनीति की है। राम सुशील पटेल ने बताया कि वायरल ऑडियो में उनके बारे में भी अभद्र बातें की गईं। इंजीनियर ओम प्रकाश द्विवेदी और सीएमओ को भी अशोभनीय गाली दी गई। इतना ही नहीं देश के प्रधानमंत्री के बारे में भी अध्यक्ष और उसके पति ने अशोभनीय बातें की। जिले के सांसद और पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल के बारे में भी अध्यक्ष पति ने असंसदीय शब्दों का उपयोग किया।

गाली देने वाली अध्यक्ष और उसके पति पर केस दर्ज

आउट सोर्स कर्मचारियों के साथ भी अध्यक्ष और उसके पति ने फोन पर गाली-गलौज कर धमकाया। अध्यक्ष और उसके पति के कुर्मी समाज को अपमानित करने और जन प्रतिनिधियों के बारे में असंसदीय शब्दों का उपयोग करने तीन ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हो चुके हैं। पूर्व अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कैलाश मिश्रा ने सोशल मीडिया साइट वाट्सएप के माध्यम से कुर्मी समाज के बारे में अशोभनीय भाषा का उपयोग किया है और लड़ाई के लिए उकसाया है। शिकायती आवेदन के साथ पूर्व अध्यक्ष पटेल ने पुलिस को सोशल मीडिया में वायरल ऑडियो की क्लिप और वाट्सएप चैट सौंपी है।

नगर परिषद रामनगर की अध्यक्ष और उसके पति के द्वारा कुर्मी समाज के व्यक्तियों के बारे में असंसदीय शब्दों का प्रयोग करने और गाली-गलौज किए जाने के एक के बाद एक कई ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद बुधवार को कुर्मी क्षत्रिय समाज ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपकर समाज में विद्वेष फैलाने वाले अध्यक्ष पति और अन्य संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में रामनगर थाना में नगर परिषद अध्यक्ष के पति और ससुर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।